आदित्यपुर: आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 9 अंतर्गत न्यू फिल्टर प्लांट फुटबॉल मैदान (सीतारामपुर) में मंगलवार को प्रस्तावित सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट (कचड़ा) प्लांट के विरोध में एक विशाल वार्ड सभा का आयोजन किया गया।

वार्ड 9 के पार्षद दुर्गा चरण बेसरा के नेतृत्व में आयोजित इस सभा में स्थानीय ग्रामीणों, विस्थापितों और सामाजिक संगठनों ने हिस्सा लेकर प्लांट के खिलाफ कड़ा विरोध दर्ज कराया। इससे पूर्व सोमवार को मीरुडीह कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में पार्षद बेसरा ने इस जनविरोध की रूपरेखा रखी थी।

सभा का संचालन रवीन्द्र बास्के ने किया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित मानकी/पारंपरिक अगुआ ने अपने संबोधन में कहा कि नगर आयुक्त को निमंत्रण पत्र देने के बावजूद न तो वे आए और न ही प्रशासन का कोई प्रतिनिधि पहुंचा। उन्होंने आरोप लगाया कि बिना ग्राम सभा की सहमति के गलत तरीके से जमीन अधिग्रहण कर डीपीआर बनाया गया है। सीतारामपुर के ग्राम प्रधान (माझी बाबा) रवि हांसदा ने कहा कि ग्रामीणों को बिना किसी सूचना के अचानक कचड़ा गिराने का काम शुरू किया गया, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ग्रामीणों ने “कचड़ा प्लांट गो बैक” और प्रशासनिक अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
पार्षद दुर्गा चरण बेसरा ने कहा कि जनता की भावना और पर्यावरण की रक्षा सर्वोपरि है। ग्रामीणों के सभी लिखित व मौखिक सुझाव तथा आपत्तियों को संकलित कर उपायुक्त, नगर आयुक्त और राज्य सरकार को सौंपा जाएगा।
सभा में प्रमुख रूप से मांझी संथाल टुडू (मीरूडीह), माझी रवि हांसदा व सुकु बास्के (सीतारामपुर), माझी गुरुवा हेम्ब्रम (काशीडीह), माझी गुलिया हांसदा बेसरा (भुवा), माझी कांदना हांसदा (जोजोडीह) शामिल हुए। वहीं विस्थापित समिति से पूर्व ग्राम प्रधान हमेंद्र महतो व गुरुचरण महतो, मत्स्य समिति से चरण हांसदा, सामाजिक कार्यकर्ता दिनेश हांसदा, सुधाकर हांसदा, रंजीत महतो, बुधराम बेसरा, राम हांसदा सहित बड़ी संख्या में महिला व पुरुष मौजूद थे।








