Jamshedpur (जमशेदपुर) : जीएसटी घोटालों पर शिकंजा कसते हुए जमशेदपुर स्थित डायरेक्टरेट जनरल ऑफ जीएसटी इंटेलिजेंस (DGGI) की टीम ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई की। टीम ने बोकारो जिले के चास निवासी लोहे के व्यापारी प्रदीप कलबलिया को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि व्यापारी ने फर्जी बिलिंग और शेल कंपनियों के जरिये 200 करोड़ रुपये से अधिक का इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) घोटाला किया है।
Kandra GST raid:अमलगम स्टील में जीएसटी विभाग की टीम की छापेमारी, घंटों चली जांच
सूत्रों के अनुसार, जमशेदपुर जीएसटी की जांच इकाई को लंबे समय से इन कंपनियों के संदिग्ध लेन-देन की जानकारी मिल रही थी। इसके बाद सोमवार तड़के टीम ने चास स्थित व्यापारी के आवास और कार्यालय पर एक साथ छापा मारा। तलाशी के दौरान टीम को बड़ी मात्रा में दस्तावेज, चालान बुक, कंप्यूटर, मोबाइल फोन, पेन ड्राइव और कुछ बैंक रिकॉर्ड मिले हैं। बताया जा रहा है कि प्रारंभिक जांच में कई फर्जी जीएसटी नंबर और बोगस कंपनियों का नेटवर्क सामने आया है।
अधिकारियों ने बताया कि प्रदीप कलबलिया ने अलग-अलग फर्जी फर्मों के नाम पर इनवॉइस जारी कर करोड़ों रुपये का टैक्स क्रेडिट क्लेम किया, जबकि वास्तविक कारोबार बहुत कम था। इस पूरे नेटवर्क के जरिए ट्रक, स्टील, और स्क्रैप व्यापार को कागजों पर दिखाकर टैक्स चोरी की जा रही थी।
गिरफ्तारी के बाद व्यापारी को जमशेदपुर लाया गया, जहाँ मेडिकल जांच के बाद अदालत में पेश किया गया। अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया है। टीम ने व्यापारी के बैंक खातों को भी सील कर दिया है और अन्य संबंधित कारोबारियों की भूमिका की जांच शुरू कर दी गई है।
इस कार्रवाई को झारखंड में हाल के वर्षों की सबसे बड़ी टैक्स इंटेलिजेंस सफलता माना जा रहा है। विभागीय सूत्रों के अनुसार, यह घोटाला 250 करोड़ रुपये तक पहुँच सकता है और आने वाले दिनों में कई और लोगों पर गाज गिर सकती है।








