Chaibasa (चाईबासा) : पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा में बुधवार को आयोजित प्रेस वार्ता में पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा ने भाजपा के आह्वान पर सफल रहे कोल्हान बंद के लिए जनता का आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि यह बंद जनता की एकजुटता और लोकतांत्रिक चेतना का प्रतीक है। कोड़ा ने आम लोगों, व्यापारी वर्ग, वाहन मालिकों और ग्रामीण संगठनों के सहयोग को सराहनीय बताते हुए कहा कि शांतिपूर्ण ढंग से बंद को सफल बनाने में सभी का महत्वपूर्ण योगदान रहा। हालांकि उन्होंने खेद व्यक्त किया कि यदि किसी नागरिक को इस बंद से असुविधा हुई हो तो इसके लिए वे क्षमाप्रार्थी हैं।
कोल्हान बंद का व्यापक असर, चाईबासा सहित जिले में ठप रही जनजीवन
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि दिन के समय भारी वाहनों पर नो-एंट्री लागू करने की मांग पूरी तरह न्यायसंगत और जनहितकारी है। लेकिन प्रशासनिक उदासीनता के कारण लगातार सड़क दुर्घटनाएँ हो रही हैं, जिससे जनता में आक्रोश स्वाभाविक है।

उन्होंने बताया कि सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ जब वे उपायुक्त से मिलने पहुंचे, तो उपायुक्त ने उदासीन व्यवहार किया और नेताओं के प्रति अनुचित टिप्पणी की। इसे उन्होंने लोकतांत्रिक मर्यादाओं के खिलाफ बताया। कोड़ा ने कहा कि उपायुक्त को जनता के प्रति जवाबदेह रहते हुए लोकहित में कार्य करना चाहिए, न कि जनता की भावनाओं को ठेस पहुँचाने वाला रवैया अपनाना चाहिए।
उन्होंने यह भी कहा गया कि सामाजिक संगठनों की ओर से उपायुक्त को 24 घंटे का समय दिया गया है। यदि इस अवधि में ग्रामीणों की मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया गया, तो वे आंदोलन करने के लिए स्वतंत्र होंगे।
मधु कोड़ा ने सत्ता पक्ष, विशेषकर झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेताओं पर भी निशाना साधा और आरोप लगाया कि वे जनता के मुद्दों से विमुख होकर केवल राजनीतिक बयानबाज़ी में व्यस्त हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार और प्रशासन ने जनता की समस्याओं का समाधान नहीं किया, तो भाजपा जनता की आवाज़ बनकर सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन करेगी।
इस दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष संजय पांडे और जिला मीडिया प्रभारी जितेंद्र नाथ ओझा भी मौजूद रहे।
http://कोल्हान बंद : चाईबासा पुलिस सतर्क, सड़कों से जाम हटाकर आवागमन बहाल करवाया

 
