एसआर रूंगटा बी-डिविजन लीग 2025-26 में एसआर रूंगटा ग्रुप ने 82 रनों से दर्ज की धमाकेदार जीत

Chaibasa (चाईबासा) : एसआर रूंगटा बी-डिविजन लीग 2025-26 में आज खेले गए ग्रुप-बी के मुकाबले में एसआर रूंगटा ग्रुप ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चक्रधरपुर की लक्ष्मण गिलुआ क्रिकेट क्लब को 82 रनों से शिकस्त देकर चार अंक हासिल किए। यह मैच चाईबासा के बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित किया गया था।

अंतर जिला सीनियर महिला क्रिकेट प्रतियोगिता, शशि माथुर का शानदार शतक, रामगढ़ को पराजित कर बोकारो सुपर डिवीजन में

रोमांचक शुरुआत: कप्तान अभिषेक और प्रीतम की ठोस साझेदारी

टॉस जीतकर लक्ष्मण गिलुआ क्रिकेट क्लब ने पहले गेंदबाज़ी का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए एस० आर० रूंगटा ग्रुप ने 29.3 ओवर में 190 रन बनाए। कप्तान अभिषेक कच्छप (65 रन) और प्रीतम महतो (53 रन) ने पहले विकेट के लिए 120 रनों की अहम साझेदारी की। दोनों बल्लेबाजों ने पारी की मजबूत नींव रखी। हालाँकि, शुरुआती उत्कृष्ट साझेदारी के बावजूद बाद के बल्लेबाज़ इस लय को बरकरार नहीं रख सके।

अभिषेक कच्छप: 65 रन (7 चौके, 1 छक्का)

प्रीतम महतो: 53 रन (3 चौके, 3 छक्के)

राहुल महतो: 20 रन

लक्ष्मण गिलुआ क्रिकेट क्लब की ओर से शुभ श्रीवास्तव ने 45 रन देकर तीन विकेट चटकाए, जबकि कप्तान विवेक चौरसिया, अमिनेश सिंह और संजय प्रधान ने दो-दो विकेट हासिल किए।

लक्ष्य का पीछा करते ढही लक्ष्मण गिलुआ क्रिकेट क्लब की पारी

191 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी लक्ष्मण गिलुआ की टीम ने भी अच्छी शुरुआत की। ललित सिंह भोज और शुभ श्रीवास्तव ने पहले विकेट के लिए 46 रन जोड़े। दूसरे विकेट के लिए ललित और अमिनेष सिंह ने 49 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी की। एक समय पर टीम का स्कोर 95/2 था और जीत की उम्मीदें मजबूत दिख रही थीं।

लेकिन इसके बाद एस० आर० रूंगटा ग्रुप के स्पिन गेंदबाजों – विवेक रंजन और कुलदीप मंडल ने खेल की दिशा ही बदल दी। दोनों ने मिलकर लक्ष्मण गिलुआ की पारी को 108 रनों पर ढेर कर दिया।

विवेक रंजन: 4 विकेट, 21 रन

कुलदीप मंडल: 3 विकेट, 12 रन

इस दौरान फील्डिंग में भी एसआर रूंगटा ग्रुप ने शानदार प्रदर्शन किया और दो बल्लेबाजों को रन आउट कर विपक्ष के हौसले पस्त कर दिए।

अगला मुकाबला: क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने का दांव

कल एस० आर० रूंगटा ग्रुप का मुकाबला गोप एवं सिंह क्लब बड़ाजामदा से होगा। यह मैच दोनों टीमों के लिए बेहद अहम है, क्योंकि जीत से क्वार्टर फाइनल में प्रवेश सुनिश्चित हो जाएगा।

http://नेशनल क्रिकेट अकादमी के लिए चाईबासा डी०ए०वी० के छात्र साकेत कुमार सिंह का चयन