चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में आयोजित एस.आर. रुंगटा बी-डिविजन क्रिकेट लीग 2026-27 के दूसरे मुकाबले में मेघाहातुबुरू क्रिकेट क्लब ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चक्रधरपुर के लट्टू उरांव क्रिकेट क्लब को 6 विकेट से पराजित कर दिया। इस जीत के साथ मेघाहातुबुरू की टीम ने पूरे 4 अंक हासिल किए। मुकाबला चाईबासा के बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया।
162 रन पर सिमटी लट्टू उरांव क्रिकेट क्लब की टीम
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी लट्टू उरांव क्रिकेट क्लब की टीम 21.3 ओवर में 162 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से चिन्मय राय ने 37 रन, विश्वजीत सिंह ने 32 रन और अंकित मिश्रा ने 27 रन बनाए। मेघाहातुबुरू की ओर से विशाल कुमार ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 19 रन देकर 4 विकेट चटकाए। वहीं, विघ्नराज सिंह ने 13 रन देकर 3 विकेट और सिकंदर ने 20 रन देकर 2 विकेट हासिल किए।
अशोक कुमार जैन जिला नॉक आउट क्रिकेट प्रतियोगिता: रुंगटा ग्रुप की दमदार जीत
प्रवीण साहनी के अर्धशतक से मिली जीत
163 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मेघाहातुबुरू क्रिकेट क्लब की टीम ने 20.4 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 166 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। टीम की जीत में प्रवीण साहनी ने अहम भूमिका निभाई। उन्होंने सात चौकों और एक छक्के की मदद से 59 रनों की शानदार पारी खेली।
इसके अलावा प्रिंस पटेल ने 36 रन, सलामी बल्लेबाज ईशान ने 27 रन और अमर ने नाबाद 21 रन बनाकर टीम को जीत दिलाने में योगदान दिया। लट्टू उरांव क्रिकेट क्लब की ओर से अंजनी कुमार यादव ने 26 रन देकर 3 विकेट लिए, जबकि विश्वजीत सिंह और कृष्णा महतो को एक-एक विकेट मिला।
बारिश के कारण रद्द हुआ उद्घाटन मुकाबला
इससे पहले 8 अक्टूबर को जगन्नाथपुर क्रिकेट क्लब और देवेंद्र मांझी क्रिकेट क्लब, चक्रधरपुर के बीच खेला जाने वाला उद्घाटन मुकाबला बारिश के कारण रद्द कर दिया गया था। बारिश के चलते विकेट गीला होने के कारण मैच नहीं हो सका और दोनों टीमों के बीच अंक बराबर-बराबर बांट दिए गए।
प्रतियोगिता के अगले मुकाबले में लक्ष्मण गिलुआ क्रिकेट क्लब, चक्रधरपुर का सामना नेशनल क्रिकेट क्लब, बड़ाजामदा से होगा।








