वास्को नगर से पकड़े गए तीनों आरोपी, निशानदेही पर शेष 4 बैटरियां भी जब्त, पुलिस ने भेजा न्यायिक हिरासत में
आदित्यपुर : आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित बेबको (BEBCO) कंपनी के प्लांट परिसर में हुई चोरी की वारदात का आदित्यपुर पुलिस ने महज कुछ ही घंटों में सफल उद्भेदन कर लिया है।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी गई सभी 20 बैटरियां बरामद कर ली हैं, जिनकी कुल अनुमानित कीमत लगभग 3 लाख रुपये बताई जा रही है। इस मामले में पुलिस ने तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 23 और 24 नवंबर 2026 की मध्यरात्रि करीब 2:00 बजे बेबको कंपनी के कर्मचारियों ने आदित्यपुर थाना पुलिस को सूचना दी कि कुछ अज्ञात चोर प्लांट परिसर स्थित यार्ड में घुस आए हैं और वहां रखी 20 बैटरियां चोरी कर ले गए हैं। सूचना मिलते ही आदित्यपुर पुलिस हरकत में आई और तत्काल मौके पर पहुंचकर छानबीन व घेराबंदी शुरू की।
पुलिस की शुरुआती कार्रवाई में ही चोरी गई 16 बैटरियों को बरामद कर लिया गया। इसके बाद शेष 4 बैटरियों की बरामदगी और आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस टीम ने संभावित ठिकानों पर सघन छापामारी अभियान चलाया। इसी क्रम में पुलिस ने संदेह के आधार पर तीन युवकों को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सिंहराय सामद , समीर हंसदा और नारायण हेमराय के रूप में हुई है। तीनों आरोपी आदित्यपुर थाना क्षेत्र के वास्को नगर के निवासी हैं।

सख्ती से हुई पूछताछ में तीनों आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया और उनकी निशानदेही पर पुलिस ने बाकी बची 4 बैटरियों को भी बरामद कर लिया। इस संबंध में आदित्यपुर थाना में कांड संख्या 346/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने तीनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। पुलिस की इस तत्परता से औद्योगिक क्षेत्र के उद्यमियों ने राहत की सांस ली है।







