एसआर रूंगटा ग्रुप को हराकर सेरसा चक्रधरपुर फाइनल में, दीपक यादव का शानदार शतक

अशोक कुमार जैन जिला नॉक आउट क्रिकेट प्रतियोगिता

चाईबासा, 16 फरवरी: अशोक कुमार जैन जिला नॉक आउट क्रिकेट प्रतियोगिता 2025-26 के सेमीफाइनल मुकाबले में सेरसा चक्रधरपुर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एसआर रूंगटा ग्रुप को 61 रनों से हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया। अब खिताबी मुकाबला 18 फरवरी को गत वर्ष की चैंपियन मिडिलसेक्स क्रिकेट क्लब (एमसीसी) चाईबासा से होगा।

टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी

मुकाबला बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया। एसआर रूंगटा ग्रुप के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया।

सेरसा चक्रधरपुर का विशाल स्कोर

पहले बल्लेबाजी करते हुए सेरसा चक्रधरपुर ने 30 ओवर में 4 विकेट पर 291 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम के ओपनर दीपक यादव ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए 11 चौके और 8 छक्कों की मदद से नाबाद 131 रन की शानदार शतकीय पारी खेली।

डेविड सांगा (55) ने उनका अच्छा साथ निभाया। सुदीत ठाकुर (37), ए. पवन कुमार (15), सत्यम त्रिपाठी (14), हिमांशु शर्मा (12) और कमल गोप (नाबाद 11) ने भी उपयोगी योगदान दिया।
रूंगटा ग्रुप की ओर से मोहम्मद वसीम, अभिषेक कच्छप और नीतीश कुमार को एक-एक विकेट मिला।

लक्ष्य का पीछा करते हुए लड़खड़ाई रूंगटा टीम

292 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी एसआर रूंगटा ग्रुप की टीम 26.3 ओवर में 230 रन पर सिमट गई। विकेट नियमित अंतराल पर गिरते रहे।

राहुल महतो ने 59 रन (5 चौके, 4 छक्के) बनाए। रौशन साहु (30), कुलदीप मंडल (28), विजय रोहित (24), राजदीप कुमार (20) और कृष्णा महतो (15) ने संघर्ष किया, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके।

सेरसा चक्रधरपुर की ओर से अमित दास ने 3 विकेट लिए, जबकि प्रकाश सीट, आदित्य सिंह और हिमांशु शर्मा को 2-2 सफलता मिली।

फाइनल में फिर होगा रोमांच

इस जीत के साथ सेरसा चक्रधरपुर ने फाइनल में जगह बना ली है, जहां उसका मुकाबला पिछले वर्ष की विजेता एमसीसी चाईबासा से होगा। गत वर्ष भी दोनों टीमों के बीच फाइनल हुआ था, ऐसे में इस बार भी एक रोमांचक और हाई-वोल्टेज मुकाबले की उम्मीद है। क्रिकेट प्रेमियों को खिताबी जंग का बेसब्री से इंतजार रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *