Jamshedpur (जमशेदपुर): खेलो इंडिया अस्मिता वुशु लीग में चाईबासा की महिला खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया है। तामोलिया स्थित गोविंद विद्यालय में रविवार को आयोजित जिला स्तरीय प्रतियोगिता में सिंहभूम मार्शल आर्ट्स एकेडमी, चाईबासा की चार खिलाड़ियों ने कुल चार पदक अपने नाम किए। इनमें तीन रजत और एक कांस्य पदक शामिल हैं।
खेलो इंडिया ट्रायबल गेम्स 2026: पश्चिमी सिंहभूम के लालू कालुंडिया का चयन, छत्तीसगढ़ रवाना
प्रतियोगिता में एकेडमी की खिलाड़ियों ने अलग-अलग आयु वर्ग और भार श्रेणियों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। 12 वर्ष से कम आयु वर्ग की 32 किलोग्राम से कम भार श्रेणी में तनुश्री प्रमाणिक ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल किया। वहीं, 17 वर्ष से कम आयु वर्ग की 48 किलोग्राम से कम भार श्रेणी में अंजलि देवगम ने कांस्य पदक जीतकर अपनी उपलब्धि दर्ज की।
इसी तरह, 18 वर्ष से अधिक आयु के सीनियर वर्ग में आयुषी सिंह कुंटिया ने 56 किलोग्राम से कम भार श्रेणी में रजत पदक जीता। सीनियर वर्ग की 65 किलोग्राम से कम भार श्रेणी में मोना अंजलि हेम्ब्रम ने भी रजत पदक हासिल कर एकेडमी की सफलता में अहम योगदान दिया।
### महिला खिलाड़ियों को सशक्त बनाना है प्रतियोगिता का उद्देश्य
सिंहभूम मार्शल आर्ट्स एकेडमी के संचालक विवेक खलखो ने बताया कि खेलो इंडिया योजना के तहत आयोजित इस लीग का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करना, उनकी प्रतिभा को मंच प्रदान करना तथा मार्शल आर्ट्स और आत्मरक्षा के माध्यम से उन्हें सशक्त बनाना है।
उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताओं से महिला खिलाड़ियों को अपनी क्षमता दिखाने का अवसर मिलता है और उनमें आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा भी मिलती है।
### तकनीकी पदाधिकारियों ने निभाई अहम भूमिका
प्रतियोगिता में झारखंड वुशु संघ के उपाध्यक्ष गोकुलानंद मिश्रा उपस्थित रहे। वहीं, दिनेश सिंह, गुलशन हेम्ब्रम, विवेकानंद प्रमाणिक, राजू कर्मकार, राहुल मुर्मू, षष्ठी सिंह और सुमी बिरुआ ने तकनीकी पदाधिकारी, कोच एवं जज के रूप में अपनी जिम्मेदारियां निभाईं।
चाईबासा की खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से सिंहभूम मार्शल आर्ट्स एकेडमी में खुशी का माहौल है। चार पदकों की यह सफलता क्षेत्र की उभरती महिला खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक है और वुशु जैसे मार्शल आर्ट्स खेल में उनकी बढ़ती भागीदारी को भी दर्शाती है।








