आदित्यपुर: आदित्यपुर नगर निगम चुनाव का पारा उस वक्त चरम पर पहुँच गया जब केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने भाजपा समर्थित महापौर प्रत्याशी संजय सरदार (चुनाव चिन्ह: बाल्टी) के पक्ष में एक विशाल रोड शो किया। यह रोड शो खरकई पुल से शुरू होकर आकाशवाणी चौक और एस-टाइप चौक होते हुए आवासीय कॉलोनियों के भ्रमण के बाद संपन्न हुआ। इस दौरान भारी संख्या में समर्थकों की भीड़ उमड़ी।

घुसपैठ और विकास पर केंद्रित रहा संबोधन
जनता को संबोधित करते हुए गिरिराज सिंह ने विपक्षी दलों पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने नारा दिया, “कमल ही बाल्टी है और बाल्टी ही कमल है।” उन्होंने मतदाताओं को भरोसा दिलाया कि यदि संजय सरदार महापौर बनते हैं, तो क्षेत्र में बांग्लादेशी घुसपैठियों को किसी भी कीमत पर पनाह नहीं मिलेगी। उन्होंने सुरक्षा और स्थानीय अस्मिता को चुनाव का मुख्य मुद्दा बताया।
हेमंत सरकार पर साधा निशाना
राज्य की वर्तमान व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि हेमंत सोरेन सरकार डरी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार को भय था कि यदि चुनाव पार्टी सिंबल पर कराए गए, तो भाजपा की प्रचंड जीत सुनिश्चित थी। इसी डर के कारण नियमों के साथ खिलवाड़ किया गया।
प्रमुख नेताओं की उपस्थिति
इस रोड शो में भाजपा के कई दिग्गज नेता शामिल हुए, जिनमें जिलाध्यक्ष हरेकृष्ण प्रधान, शैलेन्द्र कुमार सिंह, अभिषेक विशाल, नुनु झा, ललन तिवारी, हरिनंदन पांडेय, देवेश महापात्रा और अनिल मिश्रा प्रमुख थे। सभी नेताओं ने एक स्वर में संजय सरदार को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की।








