जगन्नाथपुर केनरा बैंक आग की घटना शुक्रवार तड़के पश्चिमी सिंहभूम जिले के जगन्नाथपुर प्रखंड अंतर्गत लाभुका (मालुका) गांव स्थित केनरा बैंक लाभुका शाखा में सामने आई। आग लगने से बैंक के कई तकनीकी उपकरण, महत्वपूर्ण कागजात और रजिस्टर जलकर नष्ट हो गए। हालांकि राहत की बात यह रही कि बैंक का लॉकर, अलमारियां एवं पासबुक प्रिंट मशीन सुरक्षित बच गई।
सुबह धुआं उठता देख ग्रामीणों ने दी सूचना
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार सुबह करीब सात बजे बैंक भवन के अंदर से धुआं निकलता दिखाई दिया। काउंटर केबिन की खिड़की से धुआं उठते देख ग्रामीणों ने तुरंत भवन मालिक को सूचना दी, जिसके बाद शाखा प्रबंधक आशोक कुमार सुंडी को घटना की जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।

ग्रामीणों की तत्परता से टली बड़ी घटना
घटना की जानकारी पुलिस को दी गई, लेकिन उससे पहले ही ग्रामीणों ने मोटर, पाइप और बाल्टियों की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। काफी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पा लिया गया। स्थानीय लोगों की सक्रियता के कारण बैंक शाखा को भारी नुकसान होने से बचा लिया गया।
सूचना मिलने पर थाना प्रभारी टिंकु कुमार दास पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे। एहतियात के तौर पर नोवामुंडी से दमकल वाहन भी बुलाया गया, हालांकि तब तक आग बुझाई जा चुकी थी।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण बिजली का शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। आशंका जताई जा रही है कि चूहों द्वारा बिजली के तार कुतर दिए जाने से यह हादसा हुआ होगा। फिलहाल पुलिस सभी संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
शाखा प्रबंधक के अनुसार आग में चार कंप्यूटर, एक प्रिंटर, कैश काउंटिंग मशीन, सीसीटीवी कैमरे और हार्ड डिस्क सहित कुछ दस्तावेज क्षतिग्रस्त हुए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि बैंक का पूरा डाटा ऑनलाइन सुरक्षित है तथा किसी भी ग्राहक को वित्तीय नुकसान नहीं हुआ है।
क्षेत्र में फैली दहशत, लेकिन बड़ा हादसा टला
घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल बन गया था, लेकिन ग्रामीणों की सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई से संभावित बड़ी दुर्घटना टल गई।








