आदित्यपुर: आदित्यपुर नगर निगम चुनाव में ऐतिहासिक जीत दर्ज करने के बाद भाजपा समर्थित मेयर संजय सरदार ने कड़े तेवर दिखाए हैं। शनिवार शाम आदित्यपुर एस-टाइप स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित स्वागत समारोह के दौरान उन्होंने स्पष्ट किया कि निगम क्षेत्र में पिछले ढाई वर्षों से ठप पड़े विकास कार्यों को न केवल गति दी जाएगी, बल्कि इस दौरान हुई योजनाओं की लेट-लतीफी और कथित भ्रष्टाचार की गंभीरता से जांच कराई जाएगी।

जनता की जीत और विकास का संकल्प
भाजपा उद्योग प्रकोष्ठ के जिला संयोजक दिनेश कुमार ,बबलू के नेतृत्व में आयोजित इस समारोह में संजय सरदार का फूलों के गुलदस्ते और शॉल के साथ अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर मेयर ने अपनी जीत को जनता को समर्पित करते हुए कहा
”पिछले भाजपा कार्यकाल में जो विकास की गति बनी थी, उसी विश्वास पर जनता ने मुझे समर्थन दिया है। 2023 में निर्वाचित बोर्ड का कार्यकाल समाप्त होने के बाद जलापूर्ति और सीवरेज पाइपलाइन जैसी महत्वपूर्ण योजनाएं अधर में लटक गई थीं, जिन्हें अब प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा।”
भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस
संजय सरदार ने विशेष रूप से उल्लेख किया कि पिछले ढाई वर्षों के अंतराल में नगर निगम के भीतर जो भी कार्य योजनाएं बनी हैं या क्रियान्वित हुई हैं, उनमें पारदर्शिता की कमी रही है। उन्होंने घोषणा की कि इन सभी योजनाओं की फाइलों को फिर से खोला जाएगा और किसी भी स्तर पर संलिप्त भ्रष्टाचार की जांच की जाएगी।

कोल्हान में भाजपा का परचम
पूरे कोल्हान प्रमंडल में केवल आदित्यपुर नगर निगम में भाजपा की जीत पर उन्होंने मतदाताओं का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष हरे कृष्णा प्रधान, मंडल अध्यक्ष गणेश कालिंदी, राकेश मिश्रा, ललन तिवारी,नीरू सिंह,सुशील मंडल, वीरेंद्र सिंह,अमन कुमार,विनोद सिंह,संजीव कुमार पाव,गुरजीत सिंह,कृष्ण मुरारी झा, किशन प्रधान, विमल मुखी सहित दर्जनों वरिष्ठ कार्यकर्ता उपस्थित थे।
Keywords
आदित्यपुर नगर निगम, संजय सरदार, भाजपा, भ्रष्टाचार जांच, झारखंड निकाय चुनाव, कोल्हान भाजपा, विकास योजनाएं







