जमशेदपुर: शहर के प्रतिष्ठित प्रबंधन संस्थान XLRI – Xavier School of Management को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद मंगलवार को जमशेदपुर में हड़कंप मच गया। संस्थान के आधिकारिक ई-मेल पर धमकी भरा संदेश मिलने के बाद प्रबंधन ने तत्काल पुलिस प्रशासन को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडे के निर्देश पर बिष्टुपुर थाना पुलिस, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड की टीम तुरंत XLRI कैंपस पहुंची और पूरे परिसर को सुरक्षा घेरे में ले लिया।

एहतियातन खाली कराया गया कैंपस
घटना की गंभीरता को देखते हुए संस्थान प्रशासन ने एहतियात के तौर पर कैंपस को खाली करा दिया। सभी छात्रों, शिक्षकों और कर्मचारियों को सुरक्षित स्थानों पर भेज दिया गया ताकि किसी भी संभावित खतरे से बचा जा सके। इसके बाद पुलिस और बम निरोधक दस्ता ने पूरे परिसर में सघन तलाशी अभियान शुरू किया।
पुलिस और डॉग स्क्वॉड ने की जांच
बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड की मदद से संस्थान के हर हिस्से की जांच की जा रही है। पुलिस टीम हॉस्टल, शैक्षणिक भवन, पार्किंग और अन्य संवेदनशील स्थानों की बारीकी से जांच कर रही है। फिलहाल जांच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु मिलने की सूचना नहीं है, लेकिन एहतियात के तौर पर जांच जारी है।
साइबर सेल कर रही ई-मेल की जांच
वहीं पुलिस की साइबर सेल धमकी भरे ई-मेल के स्रोत का पता लगाने में जुट गई है। ई-मेल किस आईपी एड्रेस से भेजा गया और इसके पीछे कौन लोग शामिल हो सकते हैं, इसकी तकनीकी जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही ई-मेल भेजने वाले की पहचान कर ली जाएगी।
कैंपस में सुरक्षा बढ़ाई गई
घटना के बाद XLRI कैंपस में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। फिलहाल जांच पूरी होने तक बाहरी लोगों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। पुलिस प्रशासन पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए हर पहलू से जांच कर रहा है।
इस घटना के बाद छात्रों और अभिभावकों में भी चिंता का माहौल देखा गया, हालांकि पुलिस और प्रशासन ने लोगों से घबराने की बजाय संयम बनाए रखने की अपील की है।







