सरायकेला। जिले की राजनीति में शनिवार को एक बड़ा उलटफेर देखने को मिला। क्षेत्र के जाने-माने युवा समाजसेवी पवन कबि ने अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सदस्यता ग्रहण कर ली। पाठागार चौक के निवासी पवन कबि पिछले एक दशक से सक्रिय राजनीति से दूर रहकर भी लगातार जनसेवा में जुटे थे, जिसके कारण उनका यह राजनीतिक कदम जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है।

भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित एक गरिमामय समारोह के दौरान जिलाध्यक्ष हरे कृष्णा प्रधान, वरिष्ठ नेता राजा सिंहदेव एवं नगर अध्यक्ष बीजू दत्त ने पवन कबि और उनके साथियों का माल्यार्पण कर विधिवत स्वागत किया।
झामुमो को लगा झटका, भाजपा को मिली मजबूती
पवन कबि के नेतृत्व में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) से जुड़े सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भी अपनी पुरानी पार्टी छोड़कर भाजपा की प्राथमिक सदस्यता ली। पार्टी नेताओं ने इस अवसर पर कहा कि पवन जैसे जमीन से जुड़े व्यक्तित्व के आने से संगठन को सरायकेला में नई ऊर्जा और मजबूती मिलेगी।
विकास और जनसेवा का संकल्प
भाजपा में शामिल होने के बाद पवन कबि ने कहा: “मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, उनकी कार्यशैली और राष्ट्रहित के निर्णयों से प्रेरित होकर आज इस परिवार का हिस्सा बना हूँ। भाजपा के माध्यम से जनसेवा को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है। अब विकास के नाम पर हो रहे गलत कार्यों पर हमारी पैनी नजर रहेगी।”
कार्यक्रम का संचालन सुमित चौधरी ने किया। इस दौरान मुख्य रूप से अनुभव सत्पथी, चीकू मोहंती, शुभम विषय, अभिजीत मंडल, अंकित महंती, रिंकू साहू, राजा शामल, अंशुमन मोहंती, रोनित भोल और अजय गोप सहित कई युवा समर्थकों ने भी पार्टी का दामन थामा।







