आदित्यपुर: पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी विधानसभा चुनावों में पार्टी के शानदार प्रदर्शन से उत्साहित विश्व हिंदू परिषद (विहिप) और भाजपा कार्यकर्ताओं ने आदित्यपुर में जोरदार जश्न मनाया। विहिप के जिला अध्यक्ष डॉ. जेएन दास के नेतृत्व में सोमवार को आरआईटी मोड़ पर राहगीरों के बीच लड्डू बांटे गए और जमकर आतिशबाजी की गई।
कार्यक्रम की शुरुआत गंगोत्री नर्सिंग होम से आरआईटी मोड़ तक भव्य विजय जुलूस के साथ हुई। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जय श्रीराम के नारे लगाए और जीत की खुशी साझा की।

जनता की जीत का संदेश
मीडिया को संबोधित करते हुए डॉ. जेएन दास ने विशेष रूप से बंगाल के परिणामों को जनता की जीत बताया। उन्होंने कहा, “बंगाल में जिस प्रकार हिंदुओं को प्रताड़ित किया जा रहा था, उसके विरुद्ध यह जनादेश आया है। यह जीत हर उस व्यक्ति की है जो शांति और सुरक्षा चाहता है। इस परिणाम से समस्त हिंदू समाज गौरवान्वित महसूस कर रहा है।”
प्रमुख लोगों की उपस्थिति
इस विजय उत्सव में संगठन के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। मुख्य रूप से अमरेश गोस्वामी, सिंटू गोराई, धनंजय स्वर्णकार, और प्रिंस सिंह मौजूद रहे। वहीं, भाजपा महिला नेत्री सुनीता मिश्रा और अनीशा सिंहा समेत बड़ी संख्या में विहिप और भाजपा कार्यकर्ताओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और जीत का हर्षोल्लास मनाया।








