Saraikela Bjp Protest: झारखंड सरकार के विरुद्ध भाजपा का हल्लाबोल: बिजली-पानी संकट को लेकर सरायकेला में जोरदार धरना, जनता की समस्याओं की अनदेखी पर भाजपा ने खोला मोर्चा

भाजपा धरना सरायकेला

सरायकेला: झारखंड की वर्तमान सरकार के विरुद्ध भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपनी रणनीति आक्रामक कर दी है। गुरुवार को सरायकेला जिला मुख्यालय पर भाजपा द्वारा आयोजित एक दिवसीय धरना प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने हेमंत सोरेन सरकार की नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

इस दौरान भाजपा सरायकेला जिला अध्यक्ष हरे कृष्णा प्रधान ने क्षेत्र में व्याप्त बिजली और पानी की गंभीर समस्याओं को लेकर राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला।

भाजपा धरना सरायकेला

बिजली-पानी के संकट से त्रस्त है जनता

​धरना को संबोधित करते हुए हरे कृष्णा प्रधान ने कहा कि भीषण गर्मी और सुखाड़ के बीच पूरा जिला बिजली कटौती और जल संकट से जूझ रहा है। उन्होंने जिला प्रशासन को लगभग 300 खराब चापाकालों की सूची सौंपते हुए उन्हें अविलंब दुरुस्त करने की मांग की। बिजली बिलों में गड़बड़ी और स्मार्ट मीटर की समस्याओं पर प्रहार करते हुए उन्होंने कहा:
​”सरकार एक तरफ बिजली बिल माफी का ढोंग करती है, वहीं दूसरी ओर गरीबों को 30-40 हजार रुपये के बकाया बिल थमाए जा रहे हैं। यदि सरकार समय रहते नहीं सुधरी, तो भाजपा राज्य स्तर पर उग्र जन आंदोलन के लिए विवश होगी।”

​दिग्गज नेताओं की रही मौजूदगी

​भाजपा नेताओं ने स्पष्ट किया कि यह धरना केवल एक सांकेतिक चेतावनी है और जनता के हक की लड़ाई सड़कों से लेकर सदन तक जारी रहेगी। इस प्रदर्शन में मुख्य रूप से दिनेशानंद गोस्वामी, अभय सिंह, पूर्व जिला अध्यक्ष उदय प्रताप सिंह देव, आदित्यपुर नगर निगम के पूर्व मेयर संजय सरदार, पूर्व डिप्टी मेयर अमित सिंह बॉबी, अनंतराम टुडु, ललन शुक्ला, सतीश शर्मा, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष रितिका मुखी, सारथी महतो, अनीशा सिन्हा , अनिता पारित, सुनीता मिश्रा समेत सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *