गुवा: झारखंड मजदूर संघर्ष संघ ने सेल प्रबंधन के कुछ अधिकारियों पर ठेका मजदूरों से सरकारी आवासों में निजी कार्य कराने का गंभीर आरोप लगाया है। यूनियन ने इस मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है और चेतावनी दी है कि यदि इस पर जल्द रोक नहीं लगी तो संगठन आंदोलन शुरू करेगा।
यूनियन के केंद्रीय अध्यक्ष रामा पांडे ने गुवा स्थित यूनियन कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में कहा कि संगठन को कई ठेका श्रमिकों से शिकायतें मिली हैं। शिकायतों के अनुसार, कुछ अधिकारी ठेका मजदूरों से अपने सरकारी आवासों में व्यक्तिगत कार्य करा रहे हैं, जो श्रम नियमों और कार्य व्यवस्था के विपरीत है।
उन्होंने कहा कि यदि शिकायतें सही पाई जाती हैं, तो यह ठेका श्रमिकों के अधिकारों का उल्लंघन है। ठेका मजदूरों का उपयोग केवल सेल के कार्यस्थलों और सार्वजनिक हित से जुड़े कार्यों में किया जाना चाहिए, न कि अधिकारियों के निजी कार्यों के लिए।
रामा पांडे ने आरोप लगाया कि कुछ मामलों में ठेका मजदूरों को विभिन्न प्रकार के प्रलोभन देकर निजी काम कराया जा रहा है। उन्होंने सेल प्रबंधन से इस पूरे मामले की जांच कराने और ऐसी प्रथा पर तत्काल रोक लगाने की मांग की।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि प्रबंधन ने समय रहते इस मुद्दे पर ठोस कदम नहीं उठाया, तो झारखंड मजदूर संघर्ष संघ श्रमिक हितों की रक्षा के लिए चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रबंधन की होगी।
यूनियन ने कहा कि वह ठेका मजदूरों के अधिकारों और सम्मान से कोई समझौता नहीं करेगी तथा श्रमिकों के हितों की रक्षा के लिए हर स्तर पर आवाज उठाती रहेगी.







