आदित्यपुर: जुगसलाई विधानसभा क्षेत्र के झामुमो विधायक मंगल कालिंदी और इचागढ़ के पूर्व विधायक अरविंद सिंह उर्फ मलखान सिंह ने आदित्यपुर के हरिओम नगर का दौरा किया। दोनों नेता वहां हाल ही में दिवंगत हुए हिमांशु सिंह के शोकाकुल परिजनों से मुलाकात करने पहुंचे थे।

दोनों ने पीड़ित परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए उन्हें हर संभव न्याय दिलाने का भरोसा दिया। परिजनों से मुलाकात के बाद विधायक मंगल कालिंदी ने कहा कि राज्य सरकार दुख की इस घड़ी में परिवार के साथ खड़ी है। उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के त्वरित फैसलों की सराहना करते हुए बताया कि मामले में लापरवाही बरतने वाले दो आईपीएस अधिकारियों समेत कई कर्मियों को निलंबित किया जा चुका है। सरकार सुनिश्चित करेगी कि दोषियों को कड़ी सजा मिले और परिवार को सही मायने में इंसाफ मिले।
वहीं, पूर्व विधायक अरविंद सिंह उर्फ मलखान सिंह ने जानकारी दी कि इस मामले को लेकर कोल्हान क्षेत्र के झामुमो विधायकों का एक प्रतिनिधिमंडल बहुत जल्द मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात करेगा। यह शिष्टमंडल मुख्यमंत्री को पूरे मामले की वस्तुस्थिति और पीड़ित परिवार की मांगों से अवगत कराएगा ताकि आगे की त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।








