आदित्यपुर। आदित्यपुर के व्यस्ततम आरआईटी मोड़ के पास रविवार शाम बेखौफ अपराधियों ने एक युवक पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ जानलेवा हमला कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरआईटी मोड़ के समीप दो युवकों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। इसी दौरान एक युवक ने अचानक धारदार हथियार निकालकर दूसरे पर हमला बोल दिया। हमलावर बीच सड़क पर लहूलुहान युवक को दौड़ा-दौड़ाकर मारता रहा। राहत की बात यह रही कि घायल के साथ मौजूद एक छोटा बच्चा इस हमले में पूरी तरह सुरक्षित बच गया।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल युवक को पास के गंगोत्री अस्पताल ले जाया गया, जहाँ प्राथमिक इलाज के बाद उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए टाटा मुख्य अस्पताल (TMH) रेफर कर दिया गया।
व्यस्त सार्वजनिक स्थल पर हुई इस वारदात ने स्थानीय कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आम नागरिक अब पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठा रहे हैं। स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से आरआईटी मोड़ जैसे संवेदनशील इलाकों में नियमित गश्त बढ़ाने और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।







