Saraikela: सरायकेला पुलिस को सफलता: शातिर बाइक चोर गिरोह के 3 सदस्य गिरफ्तार, 5 मोटरसाइकिलें बरामद

सरायकेला पुलिस

​सरायकेला: सरायकेला-खरसावां पुलिस ने क्षेत्र में सक्रिय बाइक चोर गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 3 अंतरप्रांतीय अपराधियों को गिरफ्तार किया है।

सरायकेला पुलिस

पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गायारी ने प्रेस वार्ता में बताया कि 17 जुलाई को सरायकेला थाना क्षेत्र के जोरडीहा निवासी लाल चांद सरदार के घर से हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल चोरी हुई थी। मामला दर्ज होते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया।

​एसआईटी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तकनीकी व भौतिक साक्ष्यों के आधार पर मुख्य अभियुक्त अख्तर अंसारी उर्फ तेजा (26 वर्ष, चांदिल), करण बास्के (22 वर्ष, कांद्रा) तथा कृष्णा नाथ उर्फ दुखू (22 वर्ष, राजनगर) को गिरफ्तार कर लिया।

​पूछताछ व अभियुक्तों की निशानदेही पर चोरी गई मूल बाइक के अलावा 4 अन्य बिना नंबर प्लेट वाली मोटरसाइकिलें भी बरामद की गई हैं। गिरफ्तार आरोपियों में अख्तर अंसारी के खिलाफ पूर्व में 5 और करण बास्के पर 4 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

एसपी ने बताया कि गिरोह सरायकेला और आसपास के जिलों से वाहनों की चोरी करता था। मामले में अन्य बाइक की बरामदगी और संलिप्त अपराधियों की गिरफ्तारी हेतु छापेमारी जारी है।

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *