सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले की ईचागढ़ थाना पुलिस ने नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने दुमटांड से पातकुम जाने वाले मार्ग पर छापेमारी कर 3 किलोग्राम अवैध अफीम के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।
चाईबासा में अफीम तस्करी का बड़ा खुलासा: 7 किलो अफीम, 7 लाख नकद के साथ तस्कर गिरफ्तार
पकड़ा गया आरोपी घासीराम साव (उम्र लगभग 48 वर्ष), पिता- पदम लोचन साव, ईचागढ़ थाना क्षेत्र के बुरुहातु गांव का रहने वाला है। वहीं, उसका एक अन्य साथी पुलिस को देखकर भागने में सफल रहा, जिसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
गुप्त सूचना पर बनी छापेमारी टीम
मिली जानकारी के अनुसार, 02 अगस्त 2026 को पुलिस अधीक्षक (सरायकेला-खरसावां) को गुप्त सूचना मिली थी कि ईचागढ़ थाना अंतर्गत दुमटांड-पातकुम रास्ते पर अफीम की खरीद-बिक्री होने वाली है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए चांडिल के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शिव प्रकाश कुमार के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।
पुलिस को देखकर भाग रहे थे बाइक सवार
पुलिस टीम ने दुमटांड चौक से पातकुम जाने वाले रास्ते पर त्वरित कार्रवाई करते हुए वाहन चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान नीले रंग की होंडा SP125 मोटरसाइकिल (रजिस्ट्रेशन नंबर- JH22K 6165) पर सवार दो व्यक्ति पुलिस को देखकर घबरा गए और गाड़ी मोड़कर विपरीत दिशा में भागने लगे। सतर्क पुलिस बल ने खदेड़कर एक व्यक्ति घासीराम साव को धर दबोचा।
बरामद सामान और कानूनी कार्रवाई
तलाशी लेने पर आरोपी के पास पीले रंग के प्लास्टिक बोरे से 03 किलोग्राम अफीम, एक छोटा इलेक्ट्रॉनिक तराजू, VIVO कंपनी का स्क्रीन मोबाइल और मोटरसाइकिल बरामद हुई।
पुलिस ने ईचागढ़ थाना में कांड संख्या 31/2026 के तहत 17/22/25 NDPS Act-1985 की धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
इस सफल कार्रवाई दल में एसडीपीओ शिव प्रकाश कुमार के साथ ईचागढ़ थाना प्रभारी वरुण यादव, स०अ०नि० शशी भूषण सिंह मुंडा एवं स०अ०नि० सुरेश भगत शामिल थे।








