गम्हरिया। सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया स्थित दुर्गा पूजा मैदान में शनिवार को शहीद निर्मल महतो का शहादत दिवस पूर्ण श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बावजूद झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों की भारी उपस्थिति ने शहीदों के प्रति अपनी अटूट आस्था को दर्शाया।

कार्यक्रम के दौरान झामुमो के वरिष्ठ नेता सह शिक्षाविद प्रो. के.पी. सोरेन ने शहीद निर्मल महतो की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इसके साथ ही जमशेदपुर के पूर्व सांसद शहीद सुनील महतो की प्रतिमा पर भी पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई।
सभा को संबोधित करते हुए प्रो. के.पी. सोरेन ने कहा कि शहीद निर्मल महतो ने झारखंड और यहां के आवाम के हक-हकूक और सम्मान के लिए अपने प्राणों की आहुति दी। उनका जीवन, विचार और संघर्ष आज भी हम सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। सोरेन ने जोर देकर कहा कि निर्मल महतो के सपनों का समृद्ध झारखंड बनाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी और उनके विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना हम सबकी साझा जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने शहीदों के आदर्शों को आत्मसात करने तथा राज्य के समग्र विकास और जनहित में निस्वार्थ भाव से कार्य करने का सामूहिक संकल्प लिया।








