सरायकेला: जिले में अवैध शराब के निर्माण और कारोबार के खिलाफ उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। विभाग की टीम ने गम्हरिया थाना क्षेत्र के जामजोड़ा और आदित्यपुर थाना क्षेत्र के सपड़ा में छापेमारी कर भारी मात्रा में जावा महुआ, देसी महुआ शराब और अवैध शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बरामद की। कार्रवाई के बाद इलाके में अवैध शराब कारोबारियों के बीच हड़कंप मचा हुआ है।

जामजोड़ा और सपड़ा में की गई छापेमारी
उत्पाद विभाग की टीम ने सूचना के आधार पर दोनों स्थानों पर छापेमारी की। इस दौरान अवैध रूप से शराब तैयार करने के लिए रखे गए जावा महुआ और तैयार देसी महुआ शराब के साथ अन्य सामग्रियां भी बरामद की गईं। विभाग की टीम ने बरामद जावा महुआ, शराब और अन्य सामग्री को मौके पर ही नष्ट कर दिया, ताकि इसका दोबारा इस्तेमाल नहीं किया जा सके।

तीन लोग गिरफ्तार, स्कूटी भी बरामद
उत्पाद विभाग के एसआई सोनू कुमार ने बताया कि कार्रवाई के दौरान अवैध शराब कारोबार में संलिप्त तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। मौके से एक स्कूटी भी बरामद की गई है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी
एसआई सोनू कुमार ने कहा कि जिले में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ उत्पाद विभाग की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने अवैध शराब के कारोबार में शामिल लोगों को चेतावनी देते हुए कहा कि इस तरह की गतिविधियों पर विभाग की नजर है और सूचना मिलने पर आगे भी छापेमारी की जाएगी।
छापेमारी दल में सहायक अवर निरीक्षक सौदागर पंडित, सिपाही महेंद्र रविदास समेत उत्पाद विभाग और होमगार्ड के जवान शामिल थे। विभाग की लगातार कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों में चिंता बढ़ गई है।








