आदित्यपुर: आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र की जर्जर आधारभूत सुविधाओं के शीघ्र समाधान की मांग को लेकर आदित्यपुर-गम्हरिया विकास समिति के अध्यक्ष सह पूर्व उपाध्यक्ष पुरेन्द्र नारायण सिंह के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने जियाडा के प्रबंध निदेशक वरुण रंजन से मुलाकात की।
प्रतिनिधिमंडल ने एमडी को ज्ञापन सौंपकर क्षेत्र की जर्जर सड़कों, खराब सीवरेज व ड्रेनेज व्यवस्था, नियमित सफाई के अभाव, बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों और सुरक्षा संबंधी गंभीर समस्याओं से अवगत कराया। पुरेन्द्र नारायण सिंह ने कहा कि इन बुनियादी समस्याओं का सीधा असर उद्योगों के संचालन, निवेश, श्रमिकों की सुरक्षा और औद्योगिक क्षेत्र की छवि पर पड़ रहा है। पुरेन्द्र नारायण सिंह ने जियाडा के प्रबंध निदेशक से मिलकर कहा कि आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र राज्य का सबसे बड़ा औद्योगिक क्षेत्र होने के बावजूद गंभीर आधारभूत समस्याओं से जूझ रहा है. इन समस्याओं का सीधा असर उद्योगों के संचालन, निवेश, श्रमिकों की सुरक्षा और पूरे औद्योगिक क्षेत्र की छवि पर पड़ रहा है.
उन्होंने बताया कि औद्योगिक क्षेत्र की अधिकांश सड़कें जर्जर होकर गड्ढों में तब्दील हो चुकी हैं. इससे आए दिन दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है. सीवरेज और ड्रेनेज व्यवस्था खराब होने के कारण कई स्थानों पर जलजमाव और गंदगी की समस्या बनी रहती है.

जियाडा एमडी वरुण रंजन ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि दुर्गा पूजा के बाद क्षेत्र में स्पष्ट बदलाव देखने को मिलेगा। उन्होंने बताया कि सड़कों और नालियों का टेंडर पूरा हो चुका है तथा बरसात के बाद काम तेजी से शुरू होगा। इंडस्ट्रियल वेस्ट निस्तारण का टेंडर भी जारी हो चुका है, जिसका कार्य एक सप्ताह में शुरू कर दिया जाएगा। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एजेंसियों के चयन का प्रस्ताव सरकार को भेज दिया गया है।
वार्ता से पूर्व प्रतिनिधिमंडल ने जियाडा एमडी वरुण रंजन, क्षेत्रीय निदेशक प्रेम रंजन और उपनिदेशक दिनेश रंजन का शॉल और गुलदस्ता भेंट कर स्वागत किया।
प्रतिनिधिमंडल में ये रहे मौजूद:
इस अवसर पर मुख्य रूप से एसएन यादव, एसडी प्रसाद, शिक्षाविद संध्या प्रधान, सोनू पासवान, पूर्व पार्षद सिद्धनाथ यादव, संदीप कुमार साहू, विमल दास, प्रभाष झा, मिथिलेश कुमार झा, विनोद कुमार सिंह, सिमरन मेहरा, भुवनेश्वर यादव, ओम प्रकाश, फनिंदर यादव, कैलाश शाह, अश्विनी कुमार सिंह, राकेश कुमार सिंह, रामानंद भक्ता, सेवा सिंह, कुमार विपिन बिहारी सिंह, छविनाथ प्रसाद सिंह सहित कई अन्य सदस्य उपस्थित थे








