सरायकेला-खरसावां: जिला पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। कपाली ओपी पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री में शामिल चार शातिर तस्करों को रंगे हाथों दबोच लिया।
Saraikela Police Action: सरायकेला पुलिस की ऐतिहासिक सफलता: ब्राउन शुगर के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी रिकवरी, 7.59 लाख कैश के साथ एक गिरफ्तार, मुख्य आरोपी समेत 6 की तलाश जारी
गिरफ्तार आरोपियों के पास से 58 पुड़िया ब्राउन शुगर और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही दो मोटरसाइकिलें जब्त की गई हैं। पुलिस को सूचना मिली थी कि कपाली थाना क्षेत्र में कुछ युवक प्रतिबंधित नशीले पदार्थ की खेप खपाने की फिराक में हैं। वरीय अधिकारियों के मार्गदर्शन में कपाली ओपी प्रभारी अविनाश कुमार के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने इलाके में घेराबंदी कर चारों संदिग्धों को पकड़ लिया। गहन तलाशी लेने पर उनके पास से पुड़िया में बंद ब्राउन शुगर बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपी :
* आकाश महतो (19 वर्ष): मूल निवासी केन्दीडीह (नीमडीह), वर्तमान पता तामुलिया (कपाली)।
* शिबू गोराई (20 वर्ष): मूल निवासी सिंगाती (चौका), वर्तमान पता कल्याण नगर (सीतारामडेरा)।
* सुमित कुमार यादव (19 वर्ष): निवासी ग्वालबस्ती (सिदगोड़ा)।
* राहुल यादव (20 वर्ष): निवासी ग्वालबस्ती (सिदगोड़ा)।
•
पुलिस ने सभी अभियुक्तों के विरुद्ध एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
किंगपिन की तलाश जारी
मामले की जानकारी देते हुए ओपी प्रभारी अविनाश कुमार ने स्पष्ट किया कि पकड़े गए युवकों से पूछताछ के दौरान इस तस्करी सिंडिकेट के मुख्य सरगना का सुराग मिला है। पुलिस का मुख्य उद्देश्य केवल छोटे तस्करों को पकड़ना नहीं, बल्कि पूरे ड्रग नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करना है। पुलिस टीम मुख्य आरोपी और उसके अन्य सहयोगियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर निरंतर छापेमारी कर रही है। क्षेत्र में नशीले पदार्थों के कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए निगरानी बढ़ा दी गई है।








