SAIL Gua Labour News : गुवा में मजदूरों की समस्याओं को लेकर झामसंसं की बैठक, समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन की चेतावनी

सेल गुवा

Gua (गुवा) : झारखंड मजदूर संघर्ष संघ (झामसंसं) ने सेल के गुवा लौह अयस्क संयंत्र से जुड़े मजदूरों की लंबित समस्याओं को लेकर बुधवार शाम यूनियन कार्यालय में बैठक की। संघ के केंद्रीय अध्यक्ष रामा पांडे की अध्यक्षता में हुई बैठक में ठेका श्रमिकों की नियुक्ति, वेतन भुगतान, अस्पताल की व्यवस्था, आवास और शिक्षा समेत कई मुद्दों पर चर्चा हुई।

बैठक में संघ ने आरोप लगाया कि कई ठेका मजदूरों को अब तक जॉइनिंग लेटर नहीं मिला है। यूनियन का कहना है कि कार्य के दौरान किसी मजदूर के साथ दुर्घटना होने पर उसकी जिम्मेदारी और अधिकार स्पष्ट करने के लिए नियुक्ति संबंधी दस्तावेज उपलब्ध कराया जाना जरूरी है। संघ ने ठेका मजदूरों को न्यूनतम मजदूरी से कम भुगतान किए जाने और वेतन में देरी की शिकायतों की भी जांच कराने की मांग की।

गुवा सेल प्रबंधन ने मजदूरों की कई मांगों पर जताई सहमति, जल्द अमल नहीं हुआ तो आंदोलन की चेतावनी

सेल गुवा

मजदूरी भुगतान में अनियमितता की जांच की मांग

झामसंसं ने मजदूरों की मजदूरी फर्जी हस्ताक्षर अथवा अंगूठे के निशान के जरिए निकाले जाने के आरोपों की निष्पक्ष जांच की मांग की। संघ ने कहा कि मजदूरों के भुगतान से जुड़े रिकॉर्ड की जांच कर वास्तविक स्थिति सामने लाई जानी चाहिए।

सेल अस्पताल की व्यवस्था पर उठे सवाल

बैठक में गुवा सेल अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर भी कई मांगें रखी गईं। यूनियन ने अस्पताल में सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने, नई एक्स-रे मशीन उपलब्ध कराने, विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति और पर्याप्त दवाओं की व्यवस्था करने की मांग की।

मरीजों के भोजन की गुणवत्ता सुधारने तथा मधुमेह से पीड़ित मरीजों के लिए अलग डाइट की व्यवस्था करने की बात भी उठाई गई। इसके अलावा नया एंबुलेंस उपलब्ध कराने और सफाई कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने की मांग की गई।

क्वार्टरों की स्थिति सुधारने और नए आवास बनाने की मांग

मजदूर आवासों की समस्याओं को लेकर संघ ने कहा कि बारिश के दौरान कई क्वार्टरों की छत से पानी टपकने और गंदा पानी घरों में प्रवेश करने की समस्या सामने आती है। यूनियन ने इसका स्थायी समाधान कराने के साथ ही करीब 500 नए क्वार्टरों के निर्माण की मांग की।

बैठक में लंबित सिविल कार्यों को शुरू कराने का मुद्दा भी उठाया गया। वहीं, इस्को मध्य विद्यालय में एडॉप्ट शिक्षक की नियुक्ति और डीएवी स्कूल में शिक्षकों की कमी दूर करने की मांग रखी गई।

500 ठेका मजदूरों की बहाली का मुद्दा

झामसंसं ने सेल प्रबंधन की ओर से 500 ठेका मजदूरों की बहाली के आश्वासन का मुद्दा भी उठाया। संघ के अनुसार, अब तक केवल 18 मजदूरों की नियुक्ति हो सकी है। यूनियन ने बाकी मजदूरों की बहाली की प्रक्रिया आगे बढ़ाने की मांग की।

इसके अलावा रिट्रेंचमेंट बेनिफिट, कोबरा सिक्योरिटी गार्डों के लंबित भुगतान तथा सेमी-स्किल्ड और स्किल्ड श्रमिकों की बकाया राशि के भुगतान की मांग भी की गई।

समाधान नहीं हुआ तो प्रदर्शन की चेतावनी

झामसंसं के केंद्रीय अध्यक्ष रामा पांडे ने कहा कि मजदूरों की समस्याओं को लेकर प्रबंधन के साथ कई दौर की बातचीत हो चुकी है, लेकिन कई मुद्दे अभी भी लंबित हैं। उन्होंने कहा कि यदि प्रबंधन ने जल्द समस्याओं के समाधान की दिशा में ठोस कदम नहीं उठाया तो संघ आंदोलन का रास्ता अपनाएगा।

उन्होंने कहा कि आंदोलन के तहत जनरल ऑफिस के सामने प्रदर्शन करने और सेल प्रबंधन का पुतला दहन करने की चेतावनी दी गई है। रामा पांडे ने गुवा सेल के सीजीएम चंद्रभूषण कुमार पर मजदूरों की समस्याओं को लेकर अपेक्षित पहल नहीं करने का आरोप लगाया।

बैठक में संघ के महामंत्री अंतरयामी महाकुड़, राजेश यादव, पदमा केसरी, आरती होरो, संजय सांडिल, प्रशांत चाम्पिया समेत सेल कर्मचारी, ठेका श्रमिक और ग्रामीण मौजूद रहे।

 

http://गुवा सेल चक्का जाम खत्म, वार्ता के बाद हड़ताल समाप्त करने पर यूनियन सहमत

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *