जमशेदपुर। मुरली ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के तत्वावधान में सिदगोड़ा स्थित बिरसा मुंडा टाउन हॉल में ‘एकत्व 2026 – Unity in Diversity’ सह वार्षिक समारोह का भव्य आयोजन किया गया।
इस अवसर पर संस्थान के विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों ने पूरे उत्साह के साथ सहभागिता निभाई।
समारोह के मुख्य अतिथि NIT जमशेदपुर के निदेशक डॉ. गौतम सूत्रधार ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ अनुशासन, रचनात्मक प्रतिभा और सामाजिक समरसता ही जीवन में सफलता का मार्ग प्रशस्त करती है। उन्होंने छात्रों से निरंतर परिश्रम करने और एक जागरूक नागरिक बनकर राष्ट्र निर्माण में सकारात्मक योगदान देने का आह्वान किया।
संस्थान के चेयरमैन श्री पी.के. मुरली ने कहा कि ऐसे मंच विद्यार्थियों के सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता को सुदृढ़ करते हैं। कार्यक्रम में मुरली इंटर कॉलेज की प्राचार्या डॉ. रानी, मुरली पब्लिक स्कूल सहित समूह के सभी संस्थानों के शिक्षक व कर्मी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
समारोह में छात्र-छात्राओं ने आकर्षक नृत्य, गायन और नाटकों के जरिए भारतीय संस्कृति, आपसी भाईचारे और देशभक्ति की प्रभावशाली प्रस्तुतियां दीं। आयोजन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में भारतीय संस्कारों को प्रोत्साहित करना, विविधता के प्रति सम्मान जगाना और जिम्मेदार नागरिकता का बोध कराना रहा।

आयोजन को सफल बनाने में सुदीप दत्ता, संदीप पोद्दार, तनिषा, बिजया बोस, अर्चना, मीनू, छवि, श्रवण, शशिकला, नमिता, निशा, रंजना देवी, राणा जेना एवं करण सिंह का सराहनीय योगदान रहा। अंत में सभी का आभार व्यक्त करते हुए इस संकल्प को दोहराया गया कि विविधता हमारी पहचान, एकता शक्ति और शिक्षा ही उज्ज्वल भविष्य का मूल आधार है।








