Kiriburu (किरीबुरू): सारंडा में मौसम का बदला मिजाज बुधवार को सड़क यात्रियों के लिए परेशानी का कारण बन गया। लगातार बारिश और तेज हवाओं के बीच किरीबुरू हिलटॉप मार्ग पर पुराना मैगजीन के पास एक स्विफ्ट डिजायर और बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। दुर्घटना में दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हुए, जबकि बाइक चला रहे मेघाहातुबुरु निवासी अब्दुल को चोटें आईं।
घटना दोपहर करीब 1:30 बजे की बताई जा रही है। टक्कर के बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायल बाइक सवार को संभाला और इलाज के लिए सेल अस्पताल, किरीबुरू पहुंचाया। अस्पताल में उनका प्राथमिक उपचार किया गया। राहत की बात रही कि हादसे में कोई बड़ी अनहोनी नहीं हुई।

तेज हवा के कारण सड़क पर गिरा पेड़
बारिश के साथ चल रही तेज हवाओं का असर क्षेत्र की यातायात व्यवस्था पर भी पड़ा। सैडल गेट और किरीबुरू के बीच मुख्य सड़क पर एक पेड़ गिरने से आवागमन कुछ समय के लिए ठप हो गया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। बाद में स्थानीय लोगों और वन विभाग की मदद से पेड़ को काटकर हटाया गया, जिसके बाद रास्ता दोबारा खुल सका।

जर्जर सड़कों को लेकर लोगों में नाराजगी
लगातार बारिश के कारण सारंडा क्षेत्र की कई सड़कों की हालत और खराब हो गई है। स्थानीय लोगों के अनुसार किरीबुरू हिलटॉप, बिरसा चौक-केंद्रीय विद्यालय मार्ग तथा टीआर गेट से वन विभाग कार्यालय होते हुए मेघालय गेस्ट हाउस तक जाने वाले रास्तों पर परेशानी बढ़ गई है।
ग्रामीणों और स्थानीय निवासियों ने संबंधित विभाग से सड़कों की स्थिति का जायजा लेकर जल्द मरम्मत और आवश्यक स्थानों पर सड़क निर्माण कराने की मांग की है। बारिश के मौसम में इन मार्गों पर दुर्घटना की आशंका को देखते हुए लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी ध्यान देने की अपील की है।








