Ghatsila (घाटशिला) : पूर्वी सिंहभूम जिले के घाटशिला थाना क्षेत्र के काशिदा स्थित न्यू कॉलोनी में एक महिला की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में मृतका के 34 वर्षीय बेटे गोवर्धन गोस्वामी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। मामले में हत्या में इस्तेमाल लकड़ी का टुकड़ा भी बरामद किया गया है।
घर के अंदर मिला महिला का शव
पुलिस प्रेस रिलीज के अनुसार मृतका उमा गोस्वामी (लगभग 55 वर्ष) अपने बेटे गोवर्धन गोस्वामी के साथ न्यू कॉलोनी, काशिदा स्थित घर में रहती थीं। परिजनों के अनुसार आरोपी अक्सर नशे की हालत में अपनी मां के साथ झगड़ा करता था।
घटना 19 सितंबर 2026 की सुबह करीब 8 बजे की बताई गई है। 19 से 21 सितंबर के बीच उमा गोस्वामी के घर से कोई हलचल या आवाज नहीं सुनाई देने पर उनकी बड़ी बेटी ने परिजनों को इसकी जानकारी दी। 21 सितंबर की रात जब परिजन घाटशिला स्थित घर पहुंचे तो अंदर से दरवाजा बंद मिला।
मृतका के बेटे गोवर्धन ने दरवाजा खोला। अंदर जाने पर कमरे से दुर्गंध आ रही थी और महिला का शव फर्श पर पड़ा मिला। शव की स्थिति को देखते हुए परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।
पूछताछ में हत्या की बात सामने आने का दावा
शिकायतकर्ता के अनुसार, पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 19 सितंबर की सुबह उसकी मां की तबीयत खराब हो गई थी। कथित तौर पर इलाज के लिए ले जाने की बात को लेकर विवाद हुआ। पुलिस प्रेस रिलीज में कहा गया है कि आरोपी ने लकड़ी के टुकड़े से अपनी मां के सिर पर वार करने की बात स्वीकार की है।
घटना के बाद आरोपी ने कथित तौर पर शव को कमरे में ही छोड़ दिया और बाहर से कमरे को बंद कर दिया। पुलिस के मुताबिक वह कुछ दिनों तक घर के दूसरे कमरे में रहा और बाहर से खाना लाकर खाता रहा।
पुलिस ने दर्ज किया हत्या का मामला
घाटशिला थाना में इस मामले को लेकर कांड संख्या 56/2026, दिनांक 22 सितंबर 2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) हत्या और 238(a) साक्ष्य छुपाने के तहत मामला दर्ज किया है।
मामले के अनुसंधानकर्ता सब-इंस्पेक्टर प्रेम कुमार निबाद बताए गए हैं। पुलिस के अनुसार, शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल घाटशिला भेजा गया था, जिसके बाद आगे की प्रक्रिया के लिए एमजीएम अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर कथित तौर पर हत्या में इस्तेमाल लकड़ी का टुकड़ा बरामद किया और इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
छापेमारी टीम में शामिल पुलिसकर्मी
कार्रवाई में घाटशिला थाना प्रभारी भूषण कुमार, पु०अ०नि० प्रेम कुमार निबाद, पु०अ०नि० उमेश कुमार, पु०अ०नि० पंकज कालिंदी, स०अ०नि० नरेन्द्र सिंह तथा थाना सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।







