गुवा। पश्चिमी सिंहभूम जिले के गुवा थाना क्षेत्र से लापता हुई दो नाबालिग समेत तीन युवतियों को पुलिस ने उत्तर प्रदेश के मेरठ से सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस टीम ने स्थानीय जीआरपी के सहयोग से तीनों को सुरक्षित अपने कब्जे में लिया और उन्हें गुवा थाना वापस लाया। पुलिस की इस कार्रवाई से परिजनों ने राहत की सांस ली है।
पुलिस के अनुसार, गुवा थाना क्षेत्र के लिपुंगा गांव निवासी एक व्यक्ति ने 1 अगस्त 2026 को अपनी नाबालिग बेटी के लापता होने की सूचना थाने में दी थी। परिजनों ने बताया था कि किशोरी करीब दो सप्ताह से घर से गायब थी। परिवार की ओर से अपने स्तर पर काफी तलाश की गई, लेकिन उसका पता नहीं चल पाया।
मामले की सूचना मिलने के बाद गुवा थाना में सनहा दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच की जिम्मेदारी सहायक अवर निरीक्षक भुवनेश्वर महतो को सौंपी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पश्चिमी सिंहभूम के पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर किरीबुरू के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विनित किंडो के नेतृत्व में विशेष छापामारी टीम गठित की गई।
काम की तलाश में मेरठ पहुंचने की मिली जानकारी
जांच के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण जानकारी मिली कि लापता युवतियां रोजगार की तलाश में उत्तर प्रदेश के मेरठ गई हैं। इसके बाद वरीय अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम 4 अगस्त को मेरठ के लिए रवाना हुई।
मेरठ पहुंचने के बाद टीम ने स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटाई और संभावित स्थानों पर तलाश शुरू की। इसी क्रम में जीआरपी पुलिस की मदद से लापता किशोरी समेत दो अन्य युवतियों को बरामद कर लिया गया।
बरामद युवतियों में दो नाबालिग और एक बालिग शामिल हैं। पुलिस ने तीनों को सुरक्षित गुवा थाना लाकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, बरामदगी के बाद आगे की प्रक्रिया नियमानुसार पूरी की जा रही है।
पुलिस टीम में ये अधिकारी रहे शामिल
छापामारी अभियान में किरीबुरू एसडीपीओ विनित किंडो, गुवा थाना प्रभारी नीतीश कुमार, सहायक अवर निरीक्षक भुवनेश्वर महतो, सुशीला माई कुदादा, सतीश कुमार सिंह सहित गुवा थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई से लापता युवतियों के परिजनों को बड़ी राहत मिली है। दूर राज्य तक पहुंचकर पुलिस टीम द्वारा की गई कार्रवाई को लेकर स्थानीय स्तर पर भी पुलिस की सक्रियता की चर्चा है।








