सरायकेला-खरसावाँ। जिला पुलिस प्रशासन और केंद्रीय सुरक्षा बलों के संयुक्त अभियान में भाकपा (माओवादी) संगठन के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल हुई है। पुलिस रिमांड पर लिए गए माओवादी संगठन के तीन शीर्ष कैडर की निशानदेही पर पुलिस ने कुचाई और चाण्डिल थाना क्षेत्र के घने जंगलों से भारी मात्रा में अत्याधुनिक हथियार, मैगजीन, सैकड़ों की संख्या में जिंदा कारतूस और विस्फोटक सामग्री बरामद की है।
ऑपरेशन नवजीवन-II: कोल्हान-सारंडा के 16 नक्सलियों ने हथियारों संग किया सरेंडर
पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा जारी आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, गिरफ्तार माओवादियों में सब जोनल कमेटी सदस्य रवि सिंह सरदार उर्फ सागर सिंह सरदार (उम्र 28 वर्ष), रीजनल कमेटी सदस्य मदन महतो उर्फ चरण महतो (उम्र 54 वर्ष) तथा सब जोनल कमांडर मीना पहाड़िया उर्फ नेपू पहाड़िया (उम्र 26 वर्ष) शामिल हैं। इन नक्सलियों से गहन पूछताछ के बाद मिले सुरागों के आधार पर झारखंड पुलिस, 209 कोबरा बटालियन (खूँटी) और 26 वाहिनी एसएसबी (राँची) की टीमों ने संयुक्त रूप से सघन तलाशी अभियान शुरू किया।

सर्च ऑपरेशन के दौरान टीम ने कुचाई थाना क्षेत्र स्थित सिकरम्बा जंगल और चाण्डिल थाना क्षेत्र के अंतर्गत आसनबनी के ऊपर दलमा जंगल के गुप्त ठिकानों से नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए हथियार और गोला-बारूद बरामद किए।
बरामद हथियारों व गोला-बारूद का ब्योरा:
* अत्याधुनिक राइफलें व पिस्टल: 2 पीस .303 राइफल, 1 पीस 5.56 MM इन्सास राइफल, 1 पीस 7.62 MM SLR राइफल तथा 2 पीस देशी पिस्टल बरामद किए गए।
* कारतूस व मैगजीन: 7.62 MM के 171 पीस जिंदा कारतूस, 5.56 MM के 126 पीस जिंदा कारतूस, 9 MM के 12 पीस कारतूस, कुल 10 मैगजीन और 8 चार्जर जब्त किए गए।
* विस्फोटक सामग्री: मौके से 1 IED और 2 डिटोनेटर बरामद हुए, जिन्हें बम निरोधक दस्ता (BDS) की टीम ने सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए मौके पर ही नष्ट कर दिया।
यह पूरा अभियान सरायकेला-खरसावाँ के पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गीयारी के नेतृत्व में चलाया गया। इसमें अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सरायकेला अनुभव भारद्वाज, एसडीपीओ चाण्डिल शिव प्रकाश कुमार, एसएसबी उप समादेष्टा शक्ति सिंह, कोबरा सहायक समादेष्टा विपुल राज सहित काण्ड्रा, चाण्डिल, नीमडीह, सरायकेला, खरसावाँ, कुचाई, चौका और गम्हरिया थानों के प्रभारी व सशस्त्र बल शामिल थे। सुरक्षा बलों की इस सख्त कार्रवाई से क्षेत्र में माओवादी गतिविधियों को गहरा झटका लगा है।








