आदित्यपुर: गायत्री शिक्षा निकेतन विद्यालय प्रांगण में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी द्वारा दीप प्रज्वलन एवं विद्यालय के संस्थापक स्वर्गीय योगेंद्र प्रसाद यादव को श्रद्धा सुमन अर्पित करने के साथ हुआ।



















मुख्य अतिथि ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। राष्ट्रगान और भव्य परेड के बाद उपस्थित जनसमूह में देशभक्ति का संचार हुआ। समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. गोस्वामी ने स्वतंत्रता संग्राम के अमर शहीदों तथा सीमा पर तैनात वीर जवानों को नमन किया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि आज भारत आत्मनिर्भर, श्रेष्ठ और विश्व की तीसरी बड़ी आर्थिक महाशक्ति बनने की दिशा में अग्रसर है।
विशिष्ट अतिथि एवं झारखंड आंदोलन के प्रमुख हस्ताक्षर, रांची विश्वविद्यालय के प्रोफेसर के. पी. सोरेन ने महात्मा गांधी, भगत सिंह और राम प्रसाद बिस्मिल जैसे अमर सेनानियों को याद करते हुए भावी चुनौतियों से निपटने का आह्वान किया। समारोह में छात्र-छात्राओं ने विभिन्न भाषाओं में 15 देशभक्ति व सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। पीटी शिक्षक के निर्देशन में बच्चों का योग प्रदर्शन अत्यंत सराहनीय रहा। वर्ष 2026 में राष्ट्रीय स्तर की कराटे प्रतियोगिता में तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यालय के प्रतिभावान छात्र को मंच पर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के समापन पर प्रबंधक उदय कांत कुमार ने मुख्य अतिथि डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी, विशिष्ट अतिथि प्रो. के. पी. सोरेन, थाना प्रभारी अंजनी कुमार, विद्यालय की अधिष्ठात्री गायत्री मैडम, चेयरमैन इंजी. सत्य प्रकाश सुधांशु, प्राचार्य नीलम, चौबे, संतोष, कार्यक्रम संचालक विजय, शिक्षकों, अभिभावकों व समस्त सहकर्मियों का आभार व्यक्त किया।





















