आदित्यपुर : देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर आदित्यपुर में देशभक्ति और सामाजिक समरसता का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। क्षेत्र के एस टाइप में जहां युवाओं ने अमर क्रांतिकारियों के बलिदान को याद किया, वहीं गंगोत्री नर्सिंग होम में एक सफाई कर्मी के हाथों ध्वजारोहण कराकर सामाजिक समानता की अनूठी मिसाल पेश की गई।



















शहीद भगत सिंह फैंस क्लब ने मनाया 80वां स्वतंत्रता दिवस
आदित्यपुर एस टाइप में ‘शहीद भगत सिंह फैंस क्लब’ के तत्वावधान में स्वतंत्रता दिवस समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्लब के संरक्षक ओम प्रकाश समेत सभी सक्रिय सदस्य, वरिष्ठ नागरिक, कॉलोनीवासी एवं कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। राष्ट्रगान एवं ‘भारत माता की जय’ के गगनभेदी उद्घोष के साथ मुख्य अतिथियों द्वारा तिरंगा फहराया गया। इस दौरान पूरा क्षेत्र ‘शहीद भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु अमर रहें’ तथा ‘वंदे मातरम्’ के नारों से गूंज उठा। वक्ताओं ने युवाओं से अमर शहीदों के आदर्शों और देशभक्ति के मार्ग पर चलने का आह्वान किया।
गंगोत्री नर्सिंग होम में सफाई कर्मी जूही करवा ने किया ध्वजारोहण
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष एवं गंगोत्री नर्सिंग होम के संचालक डॉ. जे.एन. दास ने देशभक्ति और सामाजिक सम्मान की एक प्रेरणादायक पहल की। गंगोत्री नर्सिंग होम परिसर में आयोजित ध्वजारोहण कार्यक्रम में संस्थान की सफाई कर्मी जूही करवा से राष्ट्रीय ध्वज फहरवाया गया। इस पहल को उपस्थित सभी चिकित्सकों और नागरिकों ने खूब सराहा।
प्रख्यात चिकित्सकों की रही गरिमामयी उपस्थिति
इस राष्ट्रीय पर्व पर स्वास्थ्य जगत की कई प्रमुख हस्तियां उपस्थित रहीं, जिनमें:
* डॉ. पी.डी. त्रिवेदी
* डॉ. मिथिलेश कुमार
* डॉ. साईं प्रकाश
* डॉ. आर.के. जायसवाल
* डॉ. मनोज रजक
* डॉ. मल्लिक गुप्ता
* डॉ. पंथिबी प्रसाद
* डॉ. ए.आर. मंडल
कार्यक्रम के समापन पर देशभक्ति के उल्लास के बीच 500 से अधिक जरूरतमंद व स्थानीय बच्चों के बीच मिठाइयों का वितरण किया गया, जिससे बच्चों के चेहरों पर खुशी की लहर दौड़ गई।





















