सरायकेला-खरसावां: सरायकेला-खरसावां जिले की पुलिस को अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गायारी के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने चौका थाना क्षेत्र में बड़ी डकैती की योजना बना रहे 6 शातिर अपराधियों को घातक हथियारों और लूटे गए सामान के साथ दबोच लिया।
मामले की जानकारी एसपी मनोज स्वर्गायारी ने चौका थाना में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान दी।
गुप्त सूचना पर बंद पड़े स्कूल में छापेमारी
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि चौका थाना क्षेत्र के मटकमडीह (टोला चुटियाखाल) स्थित बंद पड़े नव प्राथमिक विद्यालय, बरियाबेड़ा में कुछ अपराधी एकत्रित होकर किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। इसके बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए चौका थाना प्रभारी गौरव कुमार, कुचाई थाना प्रभारी रविन्द्र कुमार मुण्डा व अन्य पुलिस पदाधिकारियों के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर मौके से छह अपराधियों को धर दबोचा।
गिरफ्तार अभियुक्त
पकड़े गए आरोपियों में मोनसा सिंह मुण्डा (बारुहातु, कुचाई), चम्बुराम मुण्डा उर्फ चमुरा (मेरोमजनगा, कुचाई), सोमा मुण्डा उर्फ सब्जी, देबेन मुण्डा, सोमा मुण्डा उर्फ करपा (तीनों बारसीडा, चौका) और रामजीत मुण्डा उर्फ मंगरा मुण्डा (मुटुदा, चौका) शामिल हैं। इन अभियुक्तों का पूर्व से भी आपराधिक इतिहास रहा है।
हथियार, बाइक और लूटे गए मोबाइल बरामद
गिरफ्तार अपराधियों के पास से 2 पिस्टल, एक जिंदा गोली (KF 7.65), लोहे का चाकू, एक दाउली, लोहे की हथौड़ी, 3 मोटरसाइकिलें (स्प्लेंडर, करिज्मा और अपाचे), 7 मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त हेलमेट व टी-शर्ट बरामद किए गए।
तीन हालिया लूट कांडों का पर्दाफाश
पूछताछ में अपराधियों ने स्वीकार किया कि वे 19 अगस्त को बनसा शराब दुकान में लूट के प्रयास, उसी दिन उरमाल स्थित माधुरी पेट्रोल पंप पर मोबाइल व नकद लूट तथा 3 सितंबर को घाटदुलमी स्थित माउंट 10 व्यू होटल में दो मोबाइल की छिनतई की घटनाओं में शामिल थे। पुलिस ने लूटे गए फोन भी बरामद कर लिए हैं। चौका थाना में कांड संख्या 39/2026 दर्ज कर सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।








