आदित्यपुर: आरआईटी थाना क्षेत्र स्थित खरकई नदी के आसंगी चेक डैम में रविवार शाम तेज बहाव में बहे दो युवकों में से एक का शव सोमवार को बरामद कर लिया गया है।
बरामद शव मीरूडीह निवासी 18 वर्षीय सोनू लोहार का है। सोमवार दोपहर करीब 2:30 बजे वस्तु विहार के पास नदी घाट से उसका शव निकाला गया। आरआईटी थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल भेज दिया है, जबकि दूसरे युवक शुभम शर्मा की तलाश अब भी जारी है।

घटना रविवार दोपहर करीब 3:30 बजे की है। दोनों युवक बाइक से आसंगी चेक डैम पहुंचे थे और नहाने के लिए नदी में उतरे थे। बारिश के कारण नदी का जलस्तर काफी बढ़ा हुआ था और बहाव बेहद तेज था, जिसकी चपेट में आकर दोनों गहरे पानी में समा गए। हादसे की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी रविकांत पराशर पुलिस बल और स्थानीय गोताखोरों के साथ पहुंचे और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कराया।

लगातार जानलेवा साबित हो रहा चेक डैम
प्रशासन द्वारा चेतावनी बोर्ड लगाए जाने और नदी में उतरने पर रोक के बावजूद लोग लापरवाही बरत रहे हैं। आसंगी चेक डैम अब खतरनाक ‘डेंजर जोन’ बन चुका है। इस वर्ष यहां डूबने से अब तक पांच युवकों की जान जा चुकी है। इनमें आदित्यपुर-2 के पथ संख्या 11 व 21 के दो युवक, एस-टाइप व कल्पनापुरी के दो युवक और एनआईटी का एक छात्र शामिल हैं। पुलिस प्रशासन ने स्थानीय लोगों व युवाओं से अपील की है कि वे उफनती नदी और चेक डैम के गहरे पानी में उतरने से बचें।








