सुदिव्य कुमार सोनू के निधन से बदला सीएम का गुवा कार्यक्रम, अब शहीद स्थल पर देंगे श्रद्धांजलि

सुदिव्य कुमार सोनू

गुवा संवाददाता। झारखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के वरिष्ठ नेता सुदिव्य कुमार सोनू के निधन के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के 8 सितंबर को प्रस्तावित गुवा शहीद दिवस कार्यक्रम में बदलाव किया गया है।

अब मुख्यमंत्री गुवा बाजार स्थित शहीद स्थल पहुंचकर गुवा गोलीकांड के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। वहीं गुवा मैदान में प्रस्तावित श्रद्धांजलि सभा, परिसंपत्तियों के वितरण सहित अन्य सार्वजनिक कार्यक्रम रद्द कर दिए गए हैं।

जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त, पश्चिमी सिंहभूम, चाईबासा की ओर से जारी संयुक्त आदेश के अनुसार मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन दोपहर 12:30 बजे रांची स्थित स्टेट हैंगर से हेलीकॉप्टर से गुवा के लिए रवाना होंगे। करीब 1 बजे वे गुवा सेल हेलीपैड पहुंचेंगे। इसके बाद 1:05 बजे सड़क मार्ग से शहीद स्थल के लिए रवाना होंगे।

मुख्यमंत्री 1:10 बजे गुवा बाजार स्थित शहीद स्थल पहुंचेंगे, जहां वे गुवा गोलीकांड के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। श्रद्धांजलि कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री 1:20 बजे शहीद स्थल से रवाना होकर 1:25 बजे बिरसा चौक पहुंचेंगे और वहां माल्यार्पण करेंगे।

इसके बाद मुख्यमंत्री 1:30 बजे सड़क मार्ग से सेल हेलीपैड के लिए रवाना होंगे और 1:35 बजे हेलीपैड पहुंचेंगे। यहां निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाएगा। इसके बाद मुख्यमंत्री 1:40 बजे हेलीकॉप्टर से रांची के लिए रवाना होंगे।

सार्वजनिक कार्यक्रम किए गए रद्द

मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के निधन के बाद मुख्यमंत्री का गुवा दौरा अब बड़े सार्वजनिक आयोजन के बजाय गुवा गोलीकांड के शहीदों को श्रद्धांजलि देने तक सीमित रहेगा। गुवा मैदान में आयोजित होने वाली श्रद्धांजलि सभा और परिसंपत्तियों के वितरण समेत अन्य कार्यक्रमों को रद्द कर दिया गया है।

सुरक्षा व्यवस्था कड़ी

मुख्यमंत्री के गुवा आगमन को लेकर प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। गुवा सेल हेलीपैड से शहीद स्थल और बिरसा चौक तक सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। मुख्यमंत्री के आवागमन वाले मार्ग और शहीद स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था के साथ यातायात नियंत्रण पर भी विशेष नजर रखी जाएगी।

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *