Saraikela: “पैसे के बल पर नौकरी बेचना बंद करे सरकार, छात्रों के साथ खिलवाड़ का भुगतना पड़ेगा खामियाजा”: JPSC-JSSC धांधली पर सरायकेला में गरजे BJP प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू

JPSC, JSSC, JPSC भर्ती परीक्षा

सरायकेला: झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) JPSC-JSSC की भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की सीबीआई (CBI) जांच कराने तथा आंदोलनकारी छात्रों पर दर्ज मुकदमों को अविलंब वापस लेने की मांग को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने सरायकेला समाहरणालय परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने किया। कार्यक्रम में पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष बालमुकुंद सहाय सहित कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।

JPSC, JSSC, JPSC भर्ती परीक्षा

​समाहरणालय परिसर में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला और युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भर्ती परीक्षाओं में बड़े पैमाने पर धांधली सामने आ रही है। विशेषकर क्षेत्रीय भाषा की परीक्षाओं में स्थानीय भाषा बोलने और समझने वाले मूल अभ्यर्थी अनुत्तीर्ण हो रहे हैं, जबकि बाहर के अभ्यर्थी सफल घोषित किए जा रहे हैं। इससे पूरी चयन प्रक्रिया की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

​साहू ने दो टूक शब्दों में कहा कि एक गरीब किसान, मजदूर और रिक्शा चालक दिन-रात खून-पसीना एक करके अपने बच्चों को पढ़ाता है, ताकि भविष्य में उन्हें योग्यता के आधार पर रोजगार मिल सके। लेकिन यदि पैसे के दम पर नौकरियां बेची जाएंगी, तो इसका खामियाजा सरकार को भुगतना पड़ेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा छात्रों के इस न्यायसंगत आंदोलन के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। जब तक निर्दोष छात्रों और कोचिंग संस्थानों पर की गई दमनात्मक कार्रवाई का समाधान नहीं होता, तब तक भाजपा कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर आंदोलन को समर्थन देते रहेंगे।

​सभा को प्रदेश उपाध्यक्ष बालमुकुंद सहाय ने भी संबोधित किया। नेताओं ने कहा कि राज्य के छात्र शांतिपूर्ण व मर्यादित तरीके से आंदोलन कर रहे हैं, ऐसे में उन पर कार्रवाई सरासर गलत है। सरकार अविलंब पारदर्शिता सुनिश्चित करे। प्रदर्शन के अंत में भाजपा के पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त (डीसी) से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा और शीघ्र निष्पक्ष जांच की मांग की। मौक़े पर भाजपा जिला अध्यक्ष हरे कृष्णा प्रधान ,आदित्यपुर नगर निगम के मेयर संजय सरदार, जिप अध्यक्ष सोनाराम बोदरा, पूर्व डिप्टी मेयर अमित सिंह बॉबी, रमेश हांसदा महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष रितिका मुखी आदि पार्टी पदाधिकारी कार्यकर्ता मौजूद रहे

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *