Adityapur: एस-टाइप दुर्गा पूजा मैदान में पार्क निर्माण का कड़ा विरोध: 80 लाख के टेंडर को रद्द करने की मांग, मेयर-नगर आयुक्त से मिले वार्डवासी

एस-टाइप दुर्गा पूजा मैदान

आदित्यपुर: आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 22 स्थित ऐतिहासिक एस-टाइप दुर्गा पूजा मैदान के सौंदर्यीकरण और पार्क निर्माण के लिए निकाले गए करीब 80 लाख रुपये के टेंडर को लेकर मंगलवार को जनआक्रोश देखने को मिला। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग ‘सिंहभूम बॉयज क्रिकेट क्लब’ (श्री श्री सार्वजनिक दुर्गा पूजा कमिटी) के बैनर तले नगर निगम कार्यालय पहुंचे और प्रस्तावित योजना का विरोध किया।

वार्डवासियों के प्रतिनिधिमंडल ने महापौर संजय सरदार और नगर आयुक्त एजाज अनवर से मुलाकात कर टेंडर प्रक्रिया को तत्काल रद्द करने की मांग रखी। इस दौरान स्थानीय पार्षद की नीतियों को लेकर भी लोगों ने नाराजगी जाहिर की।

एस-टाइप दुर्गा पूजा मैदान

मैदान को पार्क में बदलने का विरोध

पूजा कमिटी के अध्यक्ष बबलू सिंह ने कहा कि एस-टाइप मैदान केवल खाली जमीन नहीं, बल्कि क्षेत्र की सांस्कृतिक और सामाजिक पहचान से जुड़ा महत्वपूर्ण स्थल है। यहां दुर्गा पूजा, छठ पूजा के आयोजन के साथ-साथ गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के वैवाहिक कार्यक्रम भी होते हैं। उन्होंने कहा कि पार्क निर्माण, पेवर्स ब्लॉक या बाउंड्री निर्माण से मैदान का स्वरूप सीमित होगा और बच्चों के खेलकूद के लिए उपलब्ध जगह कम हो जाएगी।

उन्होंने मांग की कि मैदान को ‘सामुदायिक खेल एवं सांस्कृतिक मैदान’ के रूप में विकसित किया जाए, ताकि इसकी उपयोगिता बनी रहे।

कमिटी के संरक्षक मनोज सिंह ने कहा कि स्थानीय लोग विकास के विरोधी नहीं हैं, लेकिन विकास के नाम पर खेल, सामाजिक गतिविधियों और वर्षों पुरानी परंपराओं को खत्म नहीं किया जा सकता। उन्होंने मैदान को सीमित करने वाली योजना पर पुनर्विचार करने की मांग की।

एस-टाइप दुर्गा पूजा मैदान

मेयर ने कहा- फिलहाल टेंडर प्रक्रिया स्थगित

मामले पर महापौर संजय सरदार ने कहा कि यह योजना पुरानी है। उन्होंने वार्डवासियों की आपत्तियों और जनभावनाओं को देखते हुए फिलहाल टेंडर प्रक्रिया को स्थगित रखने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों के साथ आम सहमति बनने के बाद ही आगे कोई कदम उठाया जाएगा।

विरोध प्रदर्शन और वार्ता के दौरान जयंत श्रीवास्तव, पूर्व पार्षद सुधीर कुमार सिंह, इंटक प्रदेश सचिव राणा सिंह, भाजपा नेता संजीव सिंह उर्फ पाव, संजय शर्मा, पवित्रो बर्मन उर्फ गोरा दा, पिंटू सिंह, पप्पू सिंह, ललन प्रसाद बक्शी, सोनू खान, नीरू सिंह, विजय कुमार पप्पू, गुरप्रीत सिंह समेत बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *