Chaibasa (चाईबासा) : टेकासाई आजीविका महिला संकुल की वार्षिक आम सभा का आयोजन बुधवार को किया गया। कार्यक्रम में सखी मंडल से जुड़ी सैकड़ों महिलाओं ने हिस्सा लिया। सभा में पिछले वर्ष के कार्यों की समीक्षा के साथ आय-व्यय का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया गया। बेहतर कार्य करने वाले सक्रिय महिला समूहों को सम्मानित भी किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ जिला परिषद सदस्य श्रीमती लालमुनि पूर्ति, प्रखंड पशु चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सुशीला बागे, समाजसेवी सुमी पूर्ति और मुखिया अनीता पूर्ति ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
वार्षिक सभा के दौरान महिलाओं ने शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वरोजगार और सखी मंडल के माध्यम से संचालित विकास कार्यों को लेकर अपने विचार साझा किए। साथ ही महिला समूहों की गतिविधियों और आगामी कार्ययोजना पर भी चर्चा हुई।
जिला परिषद सदस्य लालमुनि पूर्ति ने कहा कि समाज के समग्र विकास में महिलाओं की भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सखी मंडल की दीदियां लगातार प्रयास कर रही हैं। उन्होंने महिलाओं से एकजुट होकर गांव के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
समाजसेवी सुमी पूर्ति ने कहा कि महिला समूहों की एकजुटता ग्रामीण विकास की महत्वपूर्ण ताकत है। उन्होंने सरकार की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए महिलाओं से योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।
प्रखंड पशु चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सुशीला बागे ने भी महिलाओं को समूह के रूप में एकजुट रहकर गांव के विकास में सहयोग करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने सरकारी योजनाओं का लाभ लेने और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी रखने पर जोर दिया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित महिलाओं ने सखी मंडल और आजीविका मिशन को और मजबूत बनाने तथा गांव के विकास में मिलकर योगदान देने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर मुनिया महतो पीआरपी, सरस्वती कुदादा, पूनम देवगन, सुमित्रा देवी, रायमुनि कुदादा, सोमवारी कलुंडिया, अनीता दास, अकरम कुमार महतो, शीला बिरूली, सरिता कुदादा, सुमित्रा बिरूली, रिंकी देवी, रीना कुदादा, आशा समद, जसमती कलुंडिया, रॉबिन देवगन सहित बड़ी संख्या में महिलाएं, सखी मंडल की दीदियां और मिशन के कार्यकर्ता मौजूद रहे।








