Adityapur News: वर्षों से रोजी-रोटी चला रहे दुकानदारों पर बेदखली की तलवार: गम्हरिया अंचल के नोटिस के बाद सीएम से लगाई गुहार

आदित्यपुर अतिक्रमण नोटिस

आदित्यपुर : सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया अंचल अंतर्गत आदित्यपुर में आशियाना ट्रेड सेंटर के सामने स्थित खाली भूखंड पर पिछले चार दशकों से दुकानदारी कर रहे छोटे व्यवसायियों के सामने आजीविका का बड़ा संकट खड़ा हो गया है।

गम्हरिया अंचल अधिकारी कार्यालय द्वारा हाल ही में जमीन खाली करने और अतिक्रमण हटाने का नोटिस जारी किए जाने के बाद स्थानीय दुकानदारों में भय और भारी आक्रोश व्याप्त है।

आदित्यपुर अतिक्रमण नोटिस

​चार दशकों से मिला सिर्फ आश्वासन

पीड़ित दुकानदार राज धीवर (नेपाल चन्द्र धीवर) ने व्यथा साझा करते हुए बताया कि वे लोग उस दौर से यहां दुकानें चला रहे हैं, जब आशियाना बिल्डिंग का निर्माण कार्य शुरू हुआ था। इस दौरान समय-समय पर प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने भरोसा दिलाया था कि उन्हें हटाने से पूर्व पक्की दुकानों में पुनर्वासित किया जाएगा। बावजूद इसके, प्रशासन ने बिना किसी वैकल्पिक व्यवस्था के अचानक क्षेत्र की घेराबंदी शुरू कर दी और बेदखली का नोटिस चस्पा कर दिया। अचानक हुई इस कार्रवाई से दर्जनों परिवारों के सामने भुखमरी की स्थिति बन गई है।

​मुख्यमंत्री व महापौर से हस्तक्षेप की मांग

प्रशासनिक रुख के खिलाफ समस्त पीड़ित दुकानदार संघ ने मोर्चा खोलते हुए झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और आदित्यपुर नगर निगम के महापौर को पत्र भेजा है। दुकानदारों ने स्पष्ट किया कि वे नगर विकास या प्रशासनिक प्रक्रिया के खिलाफ नहीं हैं, लेकिन चार दशकों से स्थापित इन गरीबों को उजाड़ने से पहले सम्मानजनक पुनर्वास और उपयुक्त स्थान दिया जाना चाहिए। संघ ने मांग की है कि जब तक वैकल्पिक व्यवस्था पूरी नहीं होती, तब तक बलपूर्वक बेदखली की कार्रवाई पर अविलंब रोक लगाई जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *