सरायकेला: गम्हरिया स्थित लैम्पस (एमपीसीएस) परिसर की भूमि पर बिना अनुमति चल रहे अवैध निर्माण के मामले में सहकारिता विभाग ने कड़ा रुख अपनाया है।
सूचना मिलते ही जिला सहकारिता पदाधिकारी (डीसीओ) विजय प्रताप पूर्ति ने बुधवार को स्थल का निरीक्षण किया और निर्माण कार्य तत्काल प्रभाव से रोकने का आदेश दिया। विभाग ने मौके पर जनसूचना नोटिस चस्पा कर स्पष्ट चेतावनी दी है कि आदेश की अवहेलना करने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

डीसीओ विजय प्रताप पूर्ति ने बताया कि प्राथमिक जांच प्रतिवेदन में निर्माण को लेकर किया गया कथित एग्रीमेंट पूरी तरह फर्जी और नियमों के विपरीत पाया गया है। वर्तमान में गम्हरिया लैम्पस की प्रबंधकारिणी समिति अवक्रमित है और समिति के संचालन हेतु प्रशासक नियुक्त करने की प्रक्रिया चल रही है। इसके बाद नई कमेटी गठित की जानी है। ऐसी स्थिति में जमीन पर किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य पूरी तरह गैरकानूनी है।

विभाग ने प्रखंड सहकारिता प्रसार पदाधिकारी (बीसीओ) को मौके पर कार्य बंद कराने और अंचल अधिकारी (सीओ) गम्हरिया को पत्र भेजकर निर्माण रुकवाने का अनुरोध किया है। साथ ही पूरे मामले से अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) और उपायुक्त को भी अवगत करा दिया गया है। डीसीओ ने दो टूक शब्दों में कहा कि नोटिस के बाद भी यदि काम जारी रखा गया, तो दंडाधिकारी और पुलिस बल की मदद से कार्य को बलपूर्वक रुकवाते हुए संबंधित व्यक्तियों पर नामजद प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज कराई जाएगी।







