जमशेदपुर: झारखंड ऊर्जा विकास श्रमिक संघ के केंद्रीय अध्यक्ष अजय राय का 9 अक्टूबर को जमशेदपुर का एक दिवसीय दौरा तय हुआ है। इस दौरे के दौरान वे विद्युत आपूर्ति क्षेत्र, जमशेदपुर के अंतर्गत कार्यरत नियमित विद्युतकर्मियों तथा मानव दिवस (दैनिक/अनुबंध) कर्मियों की लंबे समय से लंबित समस्याओं के निवारण हेतु महाप्रबंधक (GM) से औपचारिक मुलाकात कर वार्ता करेंगे।
दौरे का मुख्य केंद्र बिंदु मानव दिवस कर्मियों के अटके हुए मानदेय का त्वरित भुगतान, समय पर वेतन जारी न होने से उत्पन्न आर्थिक संकट, सेवा संबंधी विसंगतियां और कार्यस्थल पर बुनियादी सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित कराना है। संघ का स्पष्ट मानना है कि जान जोखिम में डालकर काम करने वाले फील्ड कर्मियों की सुरक्षा व्यवस्था से कोई समझौता नहीं किया जा सकता।
अजय राय ने दौरे से पूर्व स्पष्ट किया कि राज्य में निर्बाध विद्युत आपूर्ति बनाए रखने में जमीनी स्तर के कर्मियों की भूमिका रीढ़ की हड्डी के समान है। कठिन एवं जोखिम भरी परिस्थितियों में काम करने के बावजूद कर्मियों को अपने ही पारिश्रमिक के लिए भटकना पड़ता है, जो पूरी तरह अन्यायपूर्ण है। उन्होंने कहा कि प्रबंधन को इन समस्याओं का समयबद्ध समाधान निकालना होगा।
उन्होंने कहा कि झारखंड ऊर्जा विकास श्रमिक संघ कर्मियों के मान-सम्मान और कानूनी अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। महाप्रबंधक के साथ होने वाली इस वार्ता के जरिए प्रबंधन के समक्ष सभी मांगें मजबूती से रखी जाएंगी, ताकि विभागीय स्तर पर अविलंब ठोस निर्णय लिया जा सके।






