Chakradharpur (चक्रधरपुर): पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर थाना क्षेत्र में रेलवे स्टेशन के समीप स्थित हनुमान मंदिर की दान पेटी तोड़कर रुपये चोरी करने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मामले के अप्राथमिकी अभियुक्त 32 वर्षीय अर्जुन तांती को गिरफ्तार किया है। उसकी निशानदेही पर चोरी की रकम में से 8,284 रुपये बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, 1 अक्टूबर 2026 को पोर्टर खोली निवासी अतवारु यादव के लिखित आवेदन के आधार पर चक्रधरपुर थाना कांड संख्या 110/2026 दर्ज किया गया था। मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305/334(1) के तहत प्राथमिकी दर्ज करते हुए रेलवे स्टेशन के पास हनुमान मंदिर की दान पेटी तोड़कर अज्ञात चोर द्वारा रुपये चोरी किए जाने की शिकायत की गई थी।
Saraikela: डीसी-एसपी कार्यालय से चंद कदम दूर बैंक में चोरी का प्रयास, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
मामले की गंभीरता को देखते हुए सहायक पुलिस अधीक्षक सह अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, चक्रधरपुर के निर्देशन में एक विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने अनुसंधान के दौरान उपलब्ध सुरागों के आधार पर कार्रवाई करते हुए अर्जुन तांती को चक्रधरपुर के टोकलो रोड स्थित कुली मोहल्ले में उसके किराये के मकान से 7 अक्टूबर 2026 को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर 8,284 रुपये नकद, करीब एक मीटर छींटदार कपड़ा और एक लोहे का छड़ बरामद किया गया। पुलिस का कहना है कि चोरी की रकम में से 5,000 रुपये आरोपी द्वारा खर्च किए जा चुके हैं।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अर्जुन तांती (32 वर्ष), पिता प्रकाश तांती, स्थायी निवासी छोटाकुड़ना, थाना मनोहरपुर, पश्चिमी सिंहभूम के रूप में हुई है। वर्तमान में वह चक्रधरपुर थाना क्षेत्र के टोकलो रोड कुली मोहल्ले में किराये के मकान में रह रहा था।
बरामद सामान
– 8,284 रुपये नकद
– करीब 1 मीटर छींटदार कपड़ा
– एक लोहे का छड़
छापामारी टीम में शामिल पुलिसकर्मी
कार्रवाई में सहायक पुलिस अधीक्षक सह अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, चक्रधरपुर, थाना प्रभारी पुलिस निरीक्षक अवधेश कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक सुनील कुमार पाण्डेय, सहायक अवर निरीक्षक बिरबल चौबे, सहायक अवर निरीक्षक दिलीप कुमार तथा चक्रधरपुर थाना के सशस्त्र बल शामिल रहे।






