Chandil: चांडिल थाना के सामने घटी घटना; अनियंत्रित होकर टैंकर के नीचे फिसली बाइक, मौत

चांडिल सड़क हादसा

चांडिल : सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान राउतारा निवासी फूलचंद महतो उर्फ डोमन महतो के रूप में की गई है। थाना परिसर के ठीक सामने हुई इस हृदयविदारक घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

​बाजार जाने के दौरान हुआ हादसा

प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के मुताबिक, डोमन महतो अपनी पल्सर NS 160 बाइक से जरूरी काम के सिलसिले में बाजार की ओर जा रहे थे। जैसे ही वह चांडिल थाना गेट के समीप पहुंचे, उनकी बाइक आगे चल रहे एक टैंकर के पास अचानक असंतुलित होकर फिसल गई। सड़क पर गिरते ही वह भारी वाहन (टैंकर) के पिछले पहिए की जद में आ गए, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं।

​अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम

हादसा इतना भीषण था कि मौके पर ही अफरा-तफरी का माहौल बन गया। थाने के पुलिसकर्मी और स्थानीय लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल डोमन महतो को आनन-फानन में चांडिल अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल के चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच के बाद ही उन्हें मृत घोषित कर दिया।

​परिजनों में कोहराम, पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और संबंधित टैंकर को जब्त कर मामले की अग्रिम कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और प्रत्यक्षदर्शियों के आधार पर घटना के सटीक कारणों की पड़ताल कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *