Adityapur (आदित्यपुर) : दुर्गा पूजा के दौरान आदित्यपुर स्थित आयड़ा ‘खाओ गली’ में महज ₹150 के फूड ऑर्डर को लेकर हुआ मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया।

मंगलवार देर रात करीब 12:30 बजे हुए इस सनसनीखेज वारदात में एक युवक की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुकानदार के पूरे परिवार—माता-पिता और तीन संतानों समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
ऑर्डर में देरी से उपजा था विवाद
मामले के प्रत्यक्षदर्शी और शिकायतकर्ता सागर झा की लिखित तहरीर के मुताबिक, वह अपने साथियों के साथ खाओ गली स्थित दुकान पर हाफ चाऊमीन और चिकन चिली लेने पहुंचे थे। ₹150 का अग्रिम भुगतान करने के बाद भी जब भोजन मिलने में काफी विलंब हुआ, तो दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। दुकानदार द्वारा पैसे लौटाने के बावजूद बहस गाली-गलौज में बदल गई और दुकानदार पक्ष हिंसक हो उठा।

ताबड़तोड़ चाकूबाजी में एक की मौत, तीन घायल
विवाद बढ़ने पर सालडीह बस्ती निवासी दुकानदार परिवार ने अचानक हमला बोल दिया। आरोप है कि दुकानदार के बेटे ऋषभ बरुवा ने तेज धारदार चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। इस हमले में मानगो निवासी लाइटिंग मिस्त्री शिखर तिर्की की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सागर झा, सन्नी और अरुण पांडे गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज टीएमएच अस्पताल में जारी है।
₹150 के चाऊमीन विवाद ने ली युवक की जान, पूरा परिवार पहुंचा जेल
थाना प्रभारी अंजनी कुमार ने बताया कि त्वरित अनुसंधान करते हुए मुख्य आरोपी ऋषभ बरुवा, उसके भाई मोहित, पिता मोहन बरुवा, मां ऋषिका और बहन मुक्ति बरुवा को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने घटनास्थल से हत्या में प्रयुक्त खून से सना चाकू और कढ़ाई जब्त कर फॉरेंसिक जांच (FSL) के लिए भेज दी है।
http://आदित्यपुर खाऊ गली में चाकूबाजी, एक युवक की मौत, तीन घायल, पुलिस ने तीन आरोपियों को पकड़ा








