Adityapur (आदित्यपुर) : आदित्यपुर स्थित हरिओम नगर में इस वर्ष काली पूजा का आयोजन बेहद भव्य और ऐतिहासिक होने जा रहा है।

हरिओम नगर में ‘मां अंबे यूथ स्पोर्टिंग क्लब’ द्वारा आयोजित होने वाली मां काली पूजा को लेकर सोमवार शाम पूरे विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन कार्यक्रम संपन्न हुआ। इसके साथ ही पंडाल निर्माण का कार्य भी शुरू हो गया है।
आयोजन समिति के अध्यक्ष सानू सिंह और चैयरमैन अंकित शुभम ने बताया कि इस बार श्रद्धालुओं के लिए पंडाल को एक अनूठा और बेहद आकर्षक रूप दिया जा रहा है। समिति के अनुसार, यह पूजा पंडाल ‘गरुड़ पुराण’ पर आधारित ‘नरक लोक’ की थीम पर तैयार किया जा रहा है। पंडाल के माध्यम से समाज को पाप और पुण्य का आईना दिखाते हुए कड़ा संदेश दिया जाएगा। इसमें दर्शाया जाएगा कि पृथ्वी पर हत्या, बलात्कार, लूट और चोरी जैसे घोर अपराध करने वाले अधर्मियों को यमराज के दरबार में कर्मों के हिसाब से किस प्रकार भयानक यातनाएं दी जाती हैं। खौलते तेल की कड़ाही, सर्पदंश और यमदूतों के खौफनाक दंड के जीवंत दृश्य श्रद्धालुओं के रोंगटे खड़े कर देंगे। आयोजकों का दावा है कि झारखंड में इस थीम पर आधारित यह पहला अनूठा पंडाल होगा, जो पूरे क्षेत्र में चर्चा का केंद्र बना हुआ है।

भूमि पूजन के मौके पर मुख्य रूप से सामाजिक कार्यकर्ता जय सिंह उपस्थित रहे। इसके अलावा कार्यक्रम में राणा सिंह, नीरू सिंह, डॉ. जे.एन. दास, ओम प्रकाश उर्फ़ सोनू खा, धर्मेंद्र प्रसाद, चिंटू सिंह, रोशन खा, अनुराग सिंह, प्रमोद सिंह, राकेश पांडे, अरविंद यादव, रितिक यादव, रवि महतो और संतोष सिंह समेत हरिओम नगर एवं आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में गणमान्य लोग व श्रद्धालु शामिल हुए। सभी ने मिलकर पूजा के सफल और शांतिपूर्ण आयोजन का संकल्प लिया।








