Adityapur (आदित्यपुर) : सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र में रंगदारी मांगने और पुलिस को फर्जी सूचना देकर गुमराह करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को धर दबोचा है। गिरफ्तार सभी अभियुक्तों को गुरुवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

कारोबारी से मांगी गई थी रंगदारी
मामला 28 अक्टूबर 2026 का है, जब प्रगति नगर (नियर गम्हरिया रेलवे स्टेशन, वार्ड नंबर 7) निवासी विकास पोद्दार (पिता विश्वनाथ पोद्दार) ने आदित्यपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। आवेदन के आधार पर पुलिस ने कांड संख्या 308/26 दर्ज करते हुए त्वरित अनुसंधान शुरू किया।
गिरफ्तार अभियुक्तों में शाम
1. राहुल कुमार पंडित (ओल्ड विद्युत नगर)
2. शिवा कुमार (टीचर्स ट्रेनिंग मोड़, गम्हरिया)
3. आकाश सिंह (सालडीह बस्ती)
4. जुलू माली (विद्युत नगर)
5. मुकेश केवट (सालडीह बस्ती)
खुद पर हमले का रचा था झूठा ड्रामा
अनुसंधान के दौरान सामने आया कि मुख्य नामजद अभियुक्त राहुल पंडित और उसके चार साथियों ने 28 अक्टूबर की शाम करीब 8:00 बजे पुलिस को सूचना दी कि सालडीह चौक के पास कुछ अज्ञात लोगों ने उन पर जानलेवा हमला किया है। पुलिस ने जब तकनीकी साक्ष्यों व स्थल निरीक्षण के जरिए मामले का सत्यापन किया, तो पूरा मामला फर्जी निकला। आरोपियों ने रंगदारी के केस से बचने और पुलिस का ध्यान भटकाने के लिए हमले की झूठी साजिश रची थी।
आपराधिक इतिहास
पुलिस के अनुसार मुख्य अभियुक्त राहुल पंडित शातिर अपराधी है, जो कई आपराधिक मामलों में पहले से आरोपपत्रित है। वह महज 10 दिन पूर्व ही जेल से छूटकर बाहर आया था और बाहर आते ही दोबारा आपराधिक गतिविधियों में लिप्त हो गया। पुलिस ने सभी पांचों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।








