Adityapur (आदित्यपुर) : आदित्यपुर स्मॉल इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (एसिया) और झारखंड औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकरण (जियाडा) के बीच आयोजित मासिक निवेशक बैठक सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुई।

एसिया अध्यक्ष इंदर अग्रवाल के नेतृत्व में उद्यमियों के प्रतिनिधिमंडल ने जियाडा के क्षेत्रीय निदेशक (आरडी) प्रेम रंजन से मुलाकात कर क्षेत्र की ज्वलंत समस्याओं को प्रमुखता से रखा। बैठक में उद्यमियों ने खस्ताहाल आंतरिक सड़कों, जानलेवा गड्ढों और अधूरे नालों के कारण होने वाली दुर्घटनाओं पर चिंता जताई। इस पर आरडी प्रेम रंजन ने आश्वस्त किया कि सड़कों और नालियों की मरम्मत की प्रक्रिया जारी है और कार्य शीघ्र धरातल पर दिखेगा। कचरा निस्तारण व जाम नालियों की सफाई के लिए अलग से टेंडर जारी किया जा रहा है। साथ ही, उन्होंने इकाइयों से परिसर के बाहर कचरा न फेंकने का आग्रह किया।
सुधा डेयरी मोड़, बेको मोड़ और टीचर ट्रेनिंग मोड़ की बदहाली को आरआईटी मोड़ की तर्ज पर दुरुस्त किया जाएगा। भारी वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग से निजात दिलाने के लिए ढाबा व स्नानघर जैसी सुविधाओं से युक्त आधुनिक कमर्शियल पार्किंग की योजना प्रस्तावित है।
बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए उद्यमियों द्वारा सीसीटीवी नेटवर्क और कंट्रोल रूम की मांग पर आरडी ने सरकार को प्रस्ताव भेजने की बात कही। वहीं, वर्ष 2004 से 2017 के बीच लैंड रेंट व लेवी पर पिछली तिथि से ब्याज वसूली के विवाद पर प्रबंध निदेशक स्तर से सकारात्मक समाधान की उम्मीद जताई गई।
बैठक में प्रवीण गुटगुटिया, राजीव रंजन (मुन्ना), रतन अग्रवाल, देवांग गांधी, दिव्यांशु सिन्हा, पिंकेश माहेश्वरी और सुबोध सिंह सहित कई प्रमुख उद्यमी उपस्थित थे।








