जमशेदपुर/आदित्यपुर: संत प्रवर श्री विज्ञान देव जी महाराज के पावन जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में विहंगम योग टाटा संत समाज एवं आदित्यपुर संत समाज के संयुक्त तत्वावधान में एक विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस पुनीत अभियान में कुल 102 यूनिट रक्त का संग्रह हुआ।

प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले इस सेवा अभियान का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों की सहायता करना और समाज में स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता फैलाना है। शिविर में भाग लेने वाले सभी रक्तदाताओं को प्रोत्साहन स्वरूप च्यवनप्राश एवं प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में खेल, समाजसेवा और प्रशासन से जुड़े कई गणमान्य अतिथियों ने शिरकत की। इनमें गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड होल्डर सह हॉकी सरायकेला के जिला सचिव अमित मोदक, समाजसेवी शिवशंकर सिंह, नगीना सिंह, डॉ. डी. पी. शुक्ला, कन्हैया लाल अग्रवाल, जिला परिषद सदस्य पिंकी मंडल तथा भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष उदय सिंह देव शामिल रहे।
इनके अलावा अंतरराष्ट्रीय खो-खो कोच अखिलेश्वर प्रसाद, खो-खो के राष्ट्रीय रेफरी सुरेश नारायण चौधरी, प्रणय रॉय, विश्व हिंदू परिषद की प्रांत बाल संस्कार प्रमुख सविता कुमारी, जमशेदपुर महानगर विहिप के जिला मंत्री चंद्रिका भगत, कांग्रेस नेता रायिस रिजवी, जुगसलाई नगर निगम के कार्यपालक पदाधिकारी संदीप पासवान, रेड क्रॉस के वाइस पैट्रन डी. के. घोष, टाटा संत समाज के समन्वयक नीरज मिश्रा, रवि सिंह, निशांत शर्मा, मुकेश तिवारी एवं शंभू पंडित उपस्थित रहे।
वक्ताओं ने कहा कि रक्तदान मानवता की सर्वोच्च सेवा है। आध्यात्मिक साधना और सामाजिक उत्तरदायित्व का यह संगम समाज के लिए प्रेरणादायी है। 102 यूनिट का संग्रह शिविर की सफलता और जनसहभागिता को दर्शाता है। अंत में आयोजकों ने सभी रक्तदाताओं व अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
http://आदित्यपुर ऑटो क्लस्टर में क्रॉस लिमिटेड का रक्तदान शिविर, 175 यूनिट संग्रह का लक्ष्य








