आदित्यपुर: आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 20 स्थित दिंडली बाजार में फुटपाथी दुकानदारों के लिए 2 करोड़ 96 लाख 44 हजार रुपये की लागत से बनने वाले वेंडिंग जोन के शिलान्यास को लेकर विवाद खड़ा हो गया है।
नगर निगम ने 5 नवंबर को इस महत्वाकांक्षी परियोजना के शिलान्यास की तैयारी पूरी कर ली है। दूसरी ओर, कृषि उत्पादन बाजार समिति (गम्हरिया/सरायकेला) ने नगर निगम के इस कदम को सीधे तौर पर गैरकानूनी करार दिया है।
बाजार समिति की पणन सचिव सरिता दमता ने कड़ा ऐतराज जताते हुए स्पष्ट किया कि दिंडली बाजार की भूमि और हाट-सैरात पर वर्तमान में बाजार समिति का ही वैधानिक नियंत्रण है।
पणन सचिव के अनुसार, लगभग सात वर्ष पूर्व राज्य कैबिनेट ने शहरी क्षेत्रों के हाट-बाजारों को स्थानीय निकायों को हस्तांतरित करने का निर्णय लिया था, लेकिन अब तक यह धरातल पर लागू नहीं हो सका है। वर्तमान व्यवस्था के तहत समिति हर वर्ष इस बाजार का विधिवत टेंडर निकालती है और उससे प्राप्त राजस्व सरकारी कोष में जमा कराती है।
सरिता दमता ने आरोप लगाया कि नगर निगम ने बिना किसी पूर्व सूचना अथवा अनापत्ति के उनकी भूमि पर वेंडिंग जोन निर्माण का एकतरफा निर्णय लिया है। उन्होंने विभागीय उच्चाधिकारियों के साथ-साथ सरायकेला उपायुक्त और अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) को औपचारिक पत्र भेजकर हस्तक्षेप की मांग की है, ताकि समिति की भूमि पर होने वाले इस अनधिकृत निर्माण पर तत्काल रोक लगाई जा सके।








