सरायकेला: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और सरायकेला विधायक चम्पाई सोरेन ने 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर मनाए जाने वाले ‘जनजातीय गौरव दिवस’ को आदिवासी समाज के इतिहास, संघर्ष और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को सम्मान देने का ऐतिहासिक अवसर बताया है।
आदित्यपुर अटल पार्क में आयोजित प्रेस वार्ता में चम्पाई सोरेन कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने इस दिवस की घोषणा कर बाबा तिलका मांझी, सिदो-कान्हू, चांद-भैरव, फूलो-झानो, पोटो हो, तेलंगा खड़िया, नीलांबर-पीतांबर और टाना भगत जैसे महान आदिवासी स्वतंत्रता सेनानियों को वह राष्ट्रीय पहचान दिलाई है।

जिसकी लंबे समय से उपेक्षा हुई थी।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि आदिवासी समाज के सर्वांगीण विकास के बिना विकसित भारत की कल्पना अधूरी है। केंद्र सरकार की योजनाओं का विवरण देते हुए उन्होंने बताया कि ‘पीएम जनमन योजना’ से झारखंड की सबर, असुर, बिरहोर, पहाड़िया और कोरवा जैसी आदिम जनजातियों (PVTG) को मुख्यधारा से जोड़ा जा रहा है। इसके तहत राज्य में स्वीकृत 36,630 आवासों में से 13,706 पूरे हो चुके हैं, जबकि 11,415 घरों में बिजली, 490 गांवों में पाइप जलापूर्ति और 568 गांवों में मोबाइल नेटवर्क पहुंचाया गया है। इसके अतिरिक्त, ‘धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान’ के अंतर्गत झारखंड के 7,139 गांवों को विकास के लिए शामिल किया गया है।
शिक्षा के क्षेत्र में हुए कार्यों का उल्लेख करते हुए सोरेन ने बताया कि झारखंड में स्वीकृत 91 एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों में से 51 संचालित हैं, जहां 7,550 विद्यार्थी निःशुल्क शिक्षा ले रहे हैं, और 1,94,246 बच्चों को छात्रवृत्ति मिल रही है। उन्होंने अपनी पूर्व सरकार द्वारा मातृभाषा में प्राथमिक शिक्षा शुरू करने की पहल का जिक्र करते हुए वर्तमान सरकार पर इसे रोकने का आरोप लगाया। अंत में उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज को निर्णय प्रक्रिया का सक्रिय भागीदार बनाकर ही आने वाली पीढ़ियों को उनकी गौरवशाली विरासत सौंपी जा सकती है। प्रेस वार्ता में ज़िला अध्यक्ष हरेकृष्ण प्रधान, महामंत्री राकेश मिश्रा, ललन शुक्ला, सतीश शर्मा, गणेश कालिंदी, मीडिया प्रभारी गुरजीत सिंह, देवेश महापात्रा, बलदेव मंडल, आदि मौजूद रहे।








